ट्रैक्टर में गन्ना लादकर रेस लगा रहे थे ड्राइवर, 45 मिनट तक टायर में ही फंसी रही दोनों की लाश
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच में बुधवार की शाम काफी दर्दनाक हादसा देखने को मिला। महसी से गन्ना लादकर पारले चीनी मिल आ रहे दो ट्रैक्टर ट्रॉली के चालकों ने फखरपुर क्षेत्र में सुनसान सड़क पर रेस लगाना शुरू कर दिया। इसी दौरान ट्रॉलियों का गन्ना आपस में फंस गया। जिससे दोनों वाहन अनियंत्रित होकर एक-दूसरे के ऊपर पलट गए। जिससे दोनो चालक बुरी तरह गाड़ी में फंस गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर भी कोई भी प्रशासनिक अमला नहीं पहुंचा, जिसके चलते दोनों चालक गाड़ी के बीच में लगभग 45 मिनट तक फंसे रहे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को निकालने के लिए क्रेन मंगवाया। काफी मशक्त के बाद जाकर दोनों युवकों को निकाला जा सका। एक युवक की पहचान हुई है। जबकि दूसरे की शिनाख्त खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।

इस समय खेतों में गन्ने की कटाई हो रही है। बुधवार देर शाम को महसी निवासी राजेंद्र ट्रैक्टर ट्रॉली पर गन्ना लादकर पारले चीनीमिल परसेंडी के लिए रवाना हुआ। फखरपुर में क्षेत्र की एक और ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक से मुलाकात हो गई। फखरपुर कस्बे के बाहर जब दोनों निकले तो सुनसान सड़क पर गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से रेस करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रफ्तार इतनी अधिक थी कि कुछ लोगों ने आवाज भी दी। लेकिन दोनों चालक अनसुने बने रहे। कस्बे से चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित अरई पुल के निकट दोनों ट्रॉलियों का गन्ना आपस में फंस गया। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खड्डे में पलट गए। दोनों चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना फखरपुर पुलिस को दी। बावजूद इसके पुलिस 45 मिनट तक नहीं पहुंची। जिससे दोनों चालक नीचे दबे रहे। काफी देर बाद सूचना पर पहुंचे फखरपुर थानाध्यक्ष अजीत वर्मा ने दोनों दबे चालकों को निकलवाने के लिए क्रेन मंगवाया। काफी मशक्त के बाद दोनों शवों को निकाला जा सका। ट्रैक्टर के नीचे दबे एक चालक के पैंट में मौजूद आईडी और मोबाइल से उसकी पहचान राजेंद्र के रूप में हुई। जबकि दूसरे की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है।












Click it and Unblock the Notifications