यूपी: एक बीड़ी ने ले ली 8 लोगों की जान, पटाखा फैक्ट्री विस्फोट का सच आया सामने
बदायूं। यूपी के बदायूं में बीते शुक्रवार को एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने से 8 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद एटीएस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल से फिलहाल एटीएस को कोई अहम सुराग नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया यह लापरवाही का मामला लग रहा है। कहा जा रहा है कि बीड़ी पीकर फेंकने की वजह से यह हादसा हुआ है।

बदायूं के थाना सिविल लाइन्स क्षेत्र के गांव रसूलपुर में शुक्रवार को पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने की वजह से 8 लोगों की मौत हुई थी और कुल 6 लोग घायल हुए थे। मौके पर आईजी बरेली डीके ठाकुर और कमिश्नर बरेली रणदीप सिंह घटना स्थल पर पहुंचे और जांच की बात कही। शनिवार की सुबह एटीएस की टीम ने घटनास्थल पर जाकर जांच की और साक्ष्य इकट्ठा करने की कोशिश की लेकिन अभी तक एटीएस को भी कोई विशेष सफलता नहीं मिली है।

एटीएस अधिकारी मंजीत सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह लग रहा है कि किसी ने पटाखा फैक्ट्री में बैठकर बीड़ी पी है जिससे यह हादसा हुआ है। हालांकि इसकी जांच की जा रही है और जांच के बाद ही पता चलेगा की यह विस्फोट कैसे हुआ। घटनास्थल पर कुछ कारतूस भी देखे गए हैं जिससे आशंका है कि वहां पर अवैध रूप से कारतूस भी भरे जाते थे जिससे यह हादसा होना संभव हो सकता है। घटनास्थल पर कुछ कारतूस दिखे थे जिनको कुछ पुलिसकर्मियों ने हटा दिया था।












Click it and Unblock the Notifications