यूपी: मरीजों को लाने वाली 108 एंबुलेंस में ढोयी जा रही स्टेशनरी, घटना कैमरे में कैद
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में मरीजों को लाने ले जाने के लिए संचालित 108 एम्बुलेंस सेवा से माल की ढुलाई की जा रही है। ऐसा ही नजारा सोमवार को देखने को मिला जहां 108 एंबुलेंस में स्टेशनरी ढोकर ले जाई जा रही थी। यह वाकया जब कैमरे में कैद हुआ तो एम्बुलेंस का चालक कुछ भी बोलने से बचता रहा।

बता दें कि दो दिन पूर्व ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित 108 एम्बुलेंस सेवा में ऑक्सीजन के अभाव के चलते एक महिला मरीज की मौत हो गई थी। सवाल उठने पर स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया था लेकिन दो दिन बाद ही एम्बुलेंस द्वारा स्टेशनरी ढोने की तस्वीरे सामने आने के बाद विभाग अब इस मामले पर अपनी सफाई देने में जुट गया है और मामले की जानकारी करने की बात अधिकारी कह रहे हैं।

मरीजों को त्वरित इलाज के लिए लाने-ले जाने के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा प्रदेशभर में संचालित है लेकिन मथुरा में लगता है कि एम्बुलेंसों में मरीजों के लिए भले ही सुविधाएं ना हों लेकिन विभाग के ही ढुलाई के काम में इन एम्बुलेंस का इस्तेमाल बड़े ही सही तरीके से किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सीएमओ ऑफिस से स्टेशनरी एक एम्बुलेंस में लादी गई जिसे शहर और आस-पास के स्वास्थ्य केन्द्रों तक पहुंचाना था।
एम्बुलेंस में स्टेशनरी लोड होने की तस्वीरे कैमरे में कैद हो गई। जब उस मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बात की गई तो वे बगलें झांकने लगे। इस सम्बन्ध में जब एसीएमओ डॉक्टर खन्ना से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है यदि ऐसा कुछ है तो जांच कराई जाएगी और कार्रवाई होगी। बता दें कि दो दिन पूर्व ही 108 एम्बुलेंस को लेकर तमाम सारे सवाल उठे थे जब एक महिला मरीज का सांस लेने में दिक्कत हुई थी लेकिन एम्बुलेंस में ऑक्सीजन ना होने के चलते मरीज की जान चली गई थी।












Click it and Unblock the Notifications