योगीराज : इलाहाबाद के 14 मदरसों की मान्यता रद्द, 42 को नोटिस जारी
Recommended Video

इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के आने के बाद मदरसों के दिन शायद अच्छे नहीं चल रहे हैं। मदरसों को जानकारियां ऑनलाइन करने, राष्ट्रगान वीडियोग्राफी, तिरंगा फहराने और पिछले दिनों कई टीचरों के वेतन रोकने की खबरों के बाद अब इलाहाबाद से एक और बड़ी खबर है। इलाहाबाद के 14 मदरसों की मान्यता निरस्त करने की संस्तुति दे दी गई है, जबकि 42 अन्य मदरसों को भी नोटिस जारी कर मान्यता रद्द करने की चेतावनी दी गई है। इन मदरसों में पठन-पाठन का कार्य जांच के दौरान ठप पाया गया है, जिससे बाद यह कार्रवाई की गई है।

सत्यापन से बढ़ी मुश्किलें
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद में जिले के 340 मदरसे पंजीकृत हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया शुरु होने के बाद इनका सत्यापन शुरू हुआ तो इलाहाबाद के 14 मदरसों के पिछले 3 साल से बंद होने की पुष्टि हुई। इसके जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट मदरसा शिक्षा परिषद को दी तो मामले में 14 मदरसों में पठन-पाठन कार्य ठप पाए जाने पर इन की मान्यता रद्द कर दी गई जबकि 42 अन्य मदरसों से भी जांच ठीक संतुष्ट नहीं हुई और उन्हे भी नोटिस जारी कर मान्यता रद्द करने की चेतावनी दी गई है।

ऑनलाइन विवरण से खंगाली हकीकत
योगी सरकार ने लगभग 4 महीने पहले जब अपना आदेश जारी किया था कि सभी मदरसे अपना पूरा विवरण परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करें यानी उनकी सारी डिटेल ऑनलाइन की जाए इसके बाद से ही मदरसों की मुश्किलें बढ़ रही है । अभी तक कुल 287 मदरसों ने अपने भवन फर्नीचर, छात्र संख्या आदि की डिटेल उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की है, जबकि 42 मदरसों ने विवरण अपलोड ही नहीं किया है। ऑनलाइन विवरण मिलने के साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण निदेशालय से सभी मदरसों का सत्यापन शुरू कराया तो खलबली का दौर शुरू हुआ। इलाहाबाद में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जांच शुरू की तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। कई मदरसों के वर्षों से बंद होने की बातें सामने आई। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में 14 मदरसों में पठन पाठन बंद पाया, जिसके बाद उन्होंने इन की मान्यता निरस्त करने की संस्तुति कर दी गई।

प्राइमरी स्तर के हैं मदरसे
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर जो आंकड़े दर्ज हैं उनके अनुसार अपर प्राइमरी स्तर के अधिकांश मदरसों की जानकारी परिषद की वेबसाइट पर आ चुकी है , लेकिन प्राइमरी स्तर के मदरसे यानी तहतानिया स्तर के मदरसे अपनी जानकारी देने में सफल नहीं हुए हैं। परिषद के आंकड़ों के अनुसार आलिम, कामिल व फाजिल स्तर के सभी मदरसे चल रहे हैं और इनके आंकड़े भी परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। फिलहाल इलाहाबाद के जिन 42 मदरसों को चिन्हित किया गया है उन पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। संभावना है कि अगले सत्यापन में अगर इन मदरसों के पठन पाठन में सुधार ना मिला और इनका पूरा विवरण ऑनलाइन ना हुआ तो इनकी भी मान्यता रद्द की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications