68500 शिक्षक भर्ती परीक्षा 12 मार्च को होगी या नहीं? आज आ सकता है हाईकोर्ट का फैसला
इलाहाबाद। जैसा कि पूर्व में ही अंदाजा था कि हाईकोर्ट की एकल पीठ के फैसले को सरकार डबल बेंच में चैलेंज करेगी आखिरकार वैसा ही हुआ। सरकार की ओर से लखनऊ खंडपीठ के टीईटी की उत्तर कुंजी रद्द कर शिक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा टालने के फैसले को हाईकोर्ट की डबल बेंच में चुनौती दी गई है। गेंद एक बार फिर से हाईकोर्ट के पाले में है और सब की नजर हाईकोर्ट के आदेश पर टिक गई है। आज इस मामले में हाईकोर्ट सुनवाई करेगी और फैसला भी आ सकता है। ऐसे में 12 मार्च को होने वाली शिक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा अभी भी अधर में लटकी है। अगर हाईकोर्ट एकलपीठ के फैसले को रद्द करती है तो परीक्षा होगी और अगर हाईकोर्ट हाईकोर्ट सरकार की विशेष अपील को खारिज कर देती है तो 12 मार्च को प्रस्तावित परीक्षा स्थगित हो जाएगी।

डाउनलोड हो चुके हैं एडमिट कार्ड
दरअसल सरकार के सामने सबसे बड़ी जो समस्या है वह यह है कि 68500 शिक्षक भर्ती की प्रस्तावित 12 मार्च को लिखित परीक्षा का एडमिट कार्ड लगभग सभी अभ्यर्थियों ने डाउनलोड कर लिया है। वह पूरी तैयारी कर चुके हैं और 12 मार्च को परीक्षा देने के लिए तैयार हैं, लेकिन अचानक से इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने TET-2017 की उत्तर कुंजी को रद्द करते हुए शिक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा को टालने का आदेश दे दिया जिसके बाद से यह शिक्षक भर्ती की परीक्षा अधर में लटक गई है।
फैसले पर नजर
विभाग के अधिवक्ताओं द्वारा भारी विचार मंथन के बाद यह फैसला लिया गया कि लखनऊ खंडपीठ के फैसले को डबल बेंच में चैलेंज किया जाएगा और उसी के अनुक्रम में विशेष अपील की गई है। विशेष अपील के बाद अब आज यानी शुक्रवार को इसमें सुनवाई होनी है और सब कुछ डबल बेंच के फैसले पर ही निर्भर करेगा । अभ्यार्थी, सरकार और विभाग सभी की नजर इस फैसले पर टिकी है। अगर हाईकोर्ट की डबल बेंच एकलपीठ के फैसले को स्थगित करती है तो यह निश्चित है कि पूर्व निर्धारित लिखित परीक्षा अपने समय पर ही होगी। सुनवाई के बाद ही परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव की ओर से आगे के दिशा-निर्देश जारी होंगे।












Click it and Unblock the Notifications