दुनिया का सबसे बड़ा न्यायलय बना इलाहाबाद हाईकोर्ट, एक साथ चली 80 अदालत
इलाहाबाद। इलाहाबाद हाईकोर्ट के गौरवशाली इतिहास में मंगलवार को एक और स्वर्णिम अध्याय की शुरूआत हुई। हाईकोर्ट में एक साथ 80 अदालतों में मुकदमों की सुनवाई हुई। यह अनूठा कारनामा दुनिया के किसी भी कोने में पहली बार था। जब इतनी संख्या में एक साथ अदालतें सजी और सुनवाई हुई। वैसे तो दुनिया का सबसे बड़ा हाईकोर्ट इलाहाबाद को ही माना जाता है। लेकिन अब एक दिन में सर्वाधिक बेंच चलाने का गौरव भी इलाहाबाद हाईकोर्ट के नाम दर्ज हो गया।

इस तरह मिली उपलब्धि
मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट की प्रधान पीठ इलाहाबाद में 20 डबल बेंच ( इसमे दो जज एक साथ सुनवाई करते हैं) की अदालत लगी। जबकि 39 एकल पीठ ( इसमे एक जज सुनवाई करते हैं) में मुकदमे सुने गये। जबकि इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ स्थित खंडपीठ में 8 डबल बेंच की अदालत सजी। जबकि 13 एकल पीठ में मुकदमे सुने गये। कुल 80 अदालतों में मुकदमों की सुनवाई के साथ हिंदुस्तान के इतिहास में यह दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। साथ ही विश्व में भारत की न्याय व्यवस्था का एक बड़ा और सकारात्मक संदेश गया। आपको बता दें कि विश्व में ऐसा कोई देश नहीं है। जहां किसी हाईकोर्ट में एक साथ इतनी अदालतों में सुनवाई हुई हो।
खास बात
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इसी वर्ष अपनी स्थापना की 150 वीं वर्षगांठ मनाई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट में कुल न्यायधीशों की स्वीकृत संख्या 160 है। हालाकि यहां अभी 109 न्यायधीश कार्यरत है। 51 पद अभी भी खाली हैं। इन पदों के भरने के बाद अदालतों की संख्या में इजाफा होना तय है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पिछले दिनों शनिवार को भी मुकदमों की सुनवाई का क्रम शुरू कर दिया है। जो देश की न्यायिक प्रणाली में अनूठा है। हाईकोर्ट में इस समय लगभग 9 लाख 14 हजार मुकदमे लंबित हैं।












Click it and Unblock the Notifications