BRD मेडिकल कॉलेज में बच्चों की मौत पर घिरी योगी सरकार, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पूछी मौत की स्पष्ट वजह
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज में बच्चों की मौत के मामले पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार से जवाब मांगा है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से जवाब मांगे जाने पर अब योगी सरकार की मुश्किल बढ़ रही है। बता दें कि कथित तौर पर आक्सीजन की सप्लाई ठप होने के चलते बच्चों की मौत हुई है। हालांकि सरकार इसे इनकार कर रही है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई 29 अगस्त को की जाएगी।

इसके साथ ही लखनऊ की एक अदालत में भी मुकदमे की अर्जी दाखिल की गई है। इस अर्जी में मांग की गई है कि BRD में ऑक्सीजन की सप्लाई करने वाली पुष्पा सेल्स के निदेशक, ऑफिस हेड मीनू वालिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए।
दूसरी ओर शनिवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष और प्रदेश के ही अमेठी से सांसद राहुल गांधी गोरखपुर जाएंगे। राहुल शनिवार को गोरखपुर पहुंचेंगे। इससे पहले घटना के अगले दिन ही गुलाम नबी आजाद समेत कई कांग्रेस नेता BRD पहुंचे थे और सरकार पर निशाना साधा था।
नूतन ठाकुर ने दायर की थी पीआईएल
गौरतलब है कि बुधवार को सोशल एक्टिविस्ट नूतन ठाकुर ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में जनहित याचिका (पीआईएल) दाखिल कर गोरखपुर हादसे को लेकर न्यायिक जांच की मांग की थी। एक्टिविस्ट नूतन ठाकुर की याचिका के अनुसार, राज्य सरकार तथा उसके प्रशासन द्वारा लगातार मीडिया में आ रही ऑक्सीजन की कमी से मौत होने की खबर को नकारा जा रहा है। जिससे ऐसा सन्देश जा रहा है जैसे सरकार दोषियों और तथ्यों को छिपाने की कोशिश कर रही है।
ठाकुर ने कहा था कि इस हादसे को लेकर न्यायिक जांच होनी चाहिए ताकि सच सामने आ सके ताकि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिल सके। ठाकुर ने कहा कि इस हादसे को लेकर बड़े पैमाने पर लोगों का मानना है कि राज्य मुख्य सचिव के तहत जांच आयोग केवल औपचारिक भूमिका निभाएगा।












Click it and Unblock the Notifications