यूपी: जिले के बाद अब बदला जाएगा इलाहाबाद और फैजाबाद मंडल का नाम
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद और फैजाबाद जिलो का नाम बदले जाने के बाद अब एक और बड़ा बदलाव होने जा रहा है। योगी सरकार ने इलाहाबाद मंडल व फैजाबाद मंडल का भी नाम बदलने का आदेश दिया है। जिसके क्रम में राजस्व परिषद ने बदलाव संबंधी संस्तुति प्रस्ताव शासन को भेज दिया है और अगली कैबिनेट बैठक में इलाहाबाद मंडल को प्रयागराज मंडल के नाम से मंजूरी मिलेगी। जबकि फैजाबाद को अयोध्या मंडल के नाम पर आधिकारिक पहचान मिलेगी।

इलाहाबाद मंडल में 4 जिले हैं शामिल
इलाहाबाद मंडल में मौजूदा समय में प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी व फतेहपुर जिले शामिल है। अब इलाहाबाद जिले का नाम प्रयागराज कर दिया गया है और उसी के अनुक्रम में इलाहाबाद मंडल का भी नाम बदला जा रहा है। दरअसल, इलाहाबाद जिला ही इलाहाबाद मंडल का मुख्यालय है। ऐसे में नाम बदला जाना स्वाभाविक था। जिसके अनुक्रम में ही अब राजस्व परिषद में प्रस्ताव तैयार किया है और अगली कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद आधिकारिक तौर पर इसकी अधिसूचना भी जारी हो जाएगी। इसी तरह फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या करने का ऐलान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कर दिया है और उसके परिपेक्ष ही फैजाबाद मंडल को अयोध्या मंडल के नाम से जाना जाएगा। इसके लिए राजस्व परिषद के अध्यक्ष प्रवीर कुमार ने बदलाव संबंधी प्रस्ताव का खाका तैयार कराया है और इसे अब उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा।
चल रहा है सियासी घमासान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले महीने जब इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज किए जाने की घोषणा की थी। उस वक्त से ही नामकरण को लेकर सियासी माहौल गर्म था और अब दीपोत्सव के दौरान फैजाबाद जिले का नाम अयोध्या करने के बाद पूरे देश में सियासी गलियारा बैचैन है। विरोधी जहां नामाकरण को लेकर तरह-तरह के आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने जन भावनाओं का व पौराणिक नाम वापस रखने का तर्क दिया है। फिलहाल अब दोनों जिले के नाम के साथ मंडल का नाम भी बदला जाएगा, जिससे अगले कुछ दिनों में फिर से नामाकरण को लेकर माहौल उठापटक भरा होगा।












Click it and Unblock the Notifications