मुलायम सिंह यादव के साथ आखिरी तस्वीर अखिलेश ने की शेयर, बोले- पिता जी नहीं रहे
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ( Mulayam Singh Yadav) के निधन के बाद हर तरफ शोक की लहर है। आज सुबह 82 वर्ष की आयु में मुलायम सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। मुलायम सिंह के निधन के बाद उनके बेटे अखिलेश यादव ने अपने पिता के पार्थिव शरीर के साथ तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। तस्वीर को शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा, मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे। तस्वीर में देखा जा सकता है इसे आज सुबह 11:16 बजे क्लिक किया गया है। तस्वीर में पीछे लगी घड़ी इस बात की तस्दीक कर रही है।

गौर करने वाली बात है कि मुलायम सिंह का निधन सुबह तकरीबन 10 बजे के आस-पास हुआ था। मुलायम सिंह के निधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार बुधवार को दोपहर तीन बजे उनके पैतृक गांव सैफई में पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सैफई पहुंचेंगे।

वहीं मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल यादव ने भी ट्वीट करके मुलायम सिंह यादव के निधन की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट करके लिखा, मेरे अग्रज, हम सभी के ऊर्जा के स्रोत और अभिभावक आदरणीय नेता जी अब हमारे बीच नहीं हैं। इस सत्य को स्वीकार कर पाना कठिन है। आप हमारी स्मृतियों व विचारों में सदैव जीवित रहेंगे। गौर करने वाली बात है कि मुलायम सिंह यादव गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। वह जीवन रक्षक दवाओं का इस्तेमाल कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications