मथुरा: 10 अप्रैल को बच्चा हुआ था गायब, कुएं में मिली उसकी लाश
मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा के थाना कोसी कलां क्षेत्र के खेतों में एक कुएं में बच्चे का शव मिलने से हड़कंप मच गया। कुएं में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

ये है मामला
जानकारी के मुताबिक, मथुरा के थाना कोसी कलां क्षेत्र के निकटवर्ती गांव बरचावली के खेतों में बने कुए में एक बच्चे का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में कोहराम मच गया। मृतक बच्चे की शिनाख्त हेमू पुत्र सुखपाल उम्र करीब 9 वर्ष निवासी कोसी कलां के रूप में की गई। बता दें कि यह बच्चा 10 तारीख को शाम 5:30 बजे अपने घर से बाहर खेलने के लिए निकला और घर वापस नहीं लौटा।

हेमू के घर ना लौटने के कारण परिजनों ने पहले उसे इधर-उधर ढूंढा लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। थक-हार कर परिजनों ने थाना कोसी कलां में हेमू के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। हेमू का शव बरचावली गांव के खेतों में बने एक कुएं में पड़ा मिला। पुलिस ने हेमू के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही हेमू के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और अपने लाल के हत्या आरोपी को सजा दिलाने की अपील कर रहे हैं। वहीं मृतक बच्चे के परिजनों ने कोसी कलां थाना में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।

आरोपी की जल्द गिरफ्तारी
मौके पर पहुंचे एसएसपी मथुरा प्रभाकर चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिली थी के कुए में एक बच्चा पड़ा हुआ है। उसी सूचना पर हम लोग यहां आए और कुएं से बच्चे के शव को बाहर निकलवाया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आगे जो भी परिजन लिख कर देते हैं, उसी के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और जो भी दोषी होगा उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications