शादी के सात साल तक नहीं हुई औलाद तो घरवालों की जिद ने पति-पत्नी को मौत के मुंह में पहुंचाया
Unnao news, उन्नाव। यूपी के उन्नाव में एक पति-पत्नी ने जिंदगी खत्म करने का दुखद फैसला लिया। शादी के कई साल बाद भी संतान का सुख नहीं मिला। परिवारवाले युवक पर पत्नी से तलाक लेने का दबाव बना रहे थे। दबाव इतना बढ़ गया कि पति ने तलाक देने की जगह पत्नी के साथ मरने का फैसला कर लिया और घर से बाहर निकल कर जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके पहले उन्होंने मोबाइल पर जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी परिवारजनों को दे दी थी। परिवार वाले बार-बार फोन करके जहरीला पदार्थ खाने के लिए मना रहे थे। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मौके पर पहुंचे परिवारवालों ने आनन-फानन में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दोनों को भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान पत्नी की मौत हो गई और पति की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

सोहरामऊ थाना क्षेत्र की घटना
घटना सोहरामऊ थाना क्षेत्र के बजेहरा गांव की है। लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गोला गंज निवासी रजा हुसैन उर्फ विक्की पुत्र निसार ने अपनी पत्नी नाजिया फातिमा 34 के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। घटनास्थल पर मोटरसाइकिल भी पड़ी हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही आनन-फानन रजा हुसैन और नाजिया को नवाबगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान नाजिया की मौत हो गई। वहीं रजा हुसैन की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में बातचीत करने पर थाना अध्यक्ष सोहरामऊ ने बताया कि रजा हुसैन हालत गंभीर है। उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। बताया जाता है रजा हुसैन की शादी के लगभग 7 साल हो गए थे। लेकिन कोई संतान नहीं हुई थी जिसके बाद रजा हुसैन के परिवारजन उस पर पत्नी नाजिया को तलाक देने का दबाव बना रहे थे। लेकिन रजा हुसैन में तलाक देने से इनकार कर दिया। दबाव बढ़ता देख उसने घातक कदम उठा लिया।












Click it and Unblock the Notifications