Ujjain News: महाकाल सवारी पर मुस्लिम भक्तों ने बरसाए फूल, CM मोहन यादव ने दिया ऐसा रिएक्शन
उज्जैन में सावन माह के अंतिम सोमवार भगवान महाकाल की सवारी धूमधाम से निकाली गई। सावन माह की अंतिम सवारी में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन के सभामंडप में सपरिवार भगवान की विधिवत पूजा अर्चना की। पुजारी घनश्याम शर्मा और आशीष पुजारी द्वारा पूजन कराया गया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव संपूर्ण सवारी मार्ग पर बाबा महाकाल की आराधना और भजन-कीर्तन करते हुए नंगे पांव चले।इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार और उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद अनिल फिरोजिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी बाबा महाकाल की पूजा अर्चना कर सवारी में शामिल हुए।

भगवान महाकाल की सवारी का विभिन्न मंचों से जोरदार स्वागत हुआ, जहां मुस्लिम समुदाय के लोग भगवान महाकाल की सवारी पर पुष्प वर्षा करते नजर आ रहे थे, जहां सीएम डॉ. मोहन यादव और BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा स्वागत कर रहे लोगों का अभिवादन करते हुए चल रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ यादव की पहल पर पहली बार महाकाल की सवारी में सीआरपीएफ बैंड द्वारा प्रस्तुति दी गई। बाबा की सवारी में सीआरपीएफ एवं पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत धार्मिक धुनों ने सवारी की भव्यता को बढ़ाया। शिप्रा तट के पावन रामघाट पर भी बाबा महाकाल की सवारी के पूजन के दौरान सीआरपीएफ एवं पुलिस बैंड द्वारा संयुक्त प्रस्तुति दी गई।
बाबा महाकाल की सवारी में डिंडोरी जिले के जनजातीय दलों ने कला संस्कृति की अनुपम छठा बिखेरी। दल ने मादल, टिमकी, बांसुरी, मंजीरा, चटकोला आदि पारंपरिक वाद्ययंत्रों पर आकर्षक प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशानुरूप बाबा महाकाल की सवारी में प्रदेश के विभिन्न जनजातीय जिलों के कलाकार अपनी प्रस्तुति दे सवारी को शोभायमान कर रहें हैं।
रामघाट पर भगवान महाकाल का जलाभिषेक
भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी महाकाल मन्दिर से प्रस्थान कर जैसे ही रामघाट पर पहुंची, वैसे ही चहुंओर आस्था और श्रद्धा का जन-सैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने शिप्रा के तट पर बाबा महाकाल का जल अभिषेक किया। भगवान श्री महाकालेश्वर का पूजन और जलाभिषेक पं.आशीष पुजारी द्वारा विधिवत संपन्न कराया गया।
भगवान श्री महाकाल की पालकी जैसे ही श्री महाकालेश्वर मन्दिर के मुख्य द्वार पर पहुंची, सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा पालकी में विराजमान श्री चंद्रमौलेश्वर को सलामी दी गई। सवारी मार्ग में जगह-जगह खड़े श्रद्धालुओं ने भोलेशंभु-भोलेनाथ और दाता अवंतिकानाथ की जय के घोष के साथ भगवान श्री महाकालेश्वर पर पुष्पवर्षा की। सवारी में विभिन्न भजन मंडलियों द्वारा आकर्षक नृत्य और भजनों की प्रस्तुति दी गई।
ये भी पढ़े- Ujjain: रक्षाबंधन पर CM को अपने बीच देखकर चौंकी लाड़ली बहना, राखी बांधी और सेल्फी ली












Click it and Unblock the Notifications