महाकाल दर्शन से लेकर ई रिक्शा की सवारी तक, कुछ ऐसा रह सकता है PM MODI का उज्जैन दौरा
उज्जैन, 24 सितंबर : लंबे इंतजार के बाद आखिरकार वो वक्त नजदीक है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 11 अक्टूबर को महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे और महाकाल कॉरिडोर से जुड़ी तैयारियों का सिलसिला जारी है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर की शाम लगभग साढ़े 5 बजे धार्मिक नगरी उज्जैन आएंगे, जहां महाकाल दर्शन के बाद वे महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग 3 घंटे उज्जैन में रहेंगे।

कुछ ऐसा रह सकता है PM का दौरा कार्यक्रम
बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में 11 अक्टूबर को होने जा रहे महाकाल कॉरिडोर के लोकार्पण समारोह को भव्यता देने का काम तेज गति से जारी है, जहां इसी को लेकर मंत्री भूपेंद्र सिंह, मंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री डॉ. मोहन यादव ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। उधर, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, 11 अक्टूबर को शाम साढ़े 5 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उज्जैन पहुंचने की संभावना है। सबसे पहले पीएम मोदी बाबा महाकाल के दर्शन के लिए मंदिर जाएंगे, वहीं इसके बाद महाकाल मंदिर विस्तारीकरण के पहले फेज का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान हल्का अंधेरा होते ही पूरा महाकाल पथ खूबसूरत लाइटिंग से जगमगा उठेगा।

ई-रिक्शा से महाकाल पथ पर भ्रमण
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीएम नरेंद्र मोदी के महाकाल कॉरिडोर पर पहुंचने और पूजन-अभिषेक के बाद करीब साढ़े 6 महाकाल पथ का लोकार्पण होगा, जिसके बाद कार्तिक मेला ग्राउंड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। महाकाल पथ पर नंदी गेट में दीप प्रज्वलन के बाद दीवारों पर अंकित शिव महिमा के म्यूरल को देखेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ई-रिक्शा से महाकाल पथ पर भ्रमण भी कर सकते हैं।

तैयारियों का सिलसिला जारी
मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह, वित्त और उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा तथा उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा आगामी 11 अक्टूबर को भगवान महाकालेश्वर कॉरिडोर लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक त्रिवेणी संग्रहालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम की चर्चा की गई। कलेक्टर आशीष सिंह द्वारा प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया।

कुछ इस तरह तैयार हुआ महाकाल कॉरिडोर
धार्मिक नगरी उज्जैन में बनाए गए महाकाल कॉरिडोर के पहले चरण का काम पूरा हो चुका है, जहां अब 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाकाल कॉरिडोर के पहले चरण का लोकार्पण करेंगे। वहीं इसके बाद महाकाल कॉरिडोर को आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर क्षेत्र में बना 900 मीटर लंबा नया कॉरिडोर भव्यता के साथ आस्था और ज्ञान का अनूठा संगम बन रहा है। यह देश का पहला सबसे बड़ा धार्मिक परिसर होगा जो पौराणिक सरोवर रूद्र सागर के किनारे विकसित हो रहा है। शिव, शक्ति और अन्य धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी करीब 200 मूर्तियां, म्यूरल्स के माध्यम से इसे सजाया गया है। श्रद्धालु शिव जी की अनसुनी कथाएं इनसे जानेंगे।












Click it and Unblock the Notifications