Ujjain News: महाशिवरात्रि पर महाकाल दर्शन का खास प्लान तैयार, कुछ ऐसी रहेगी व्यवस्था
धार्मिक नगरी उज्जैन में महाशिवरात्री को लेकर तैयारियां जारी हैं, जहां कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति नीरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में महाशिवरात्रि के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं के लिये बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि गत वर्षानुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाये।
पर्व के एक दिन पूर्व बेरिकेटिंग की जाये। इस बार वीआईपी पास में बारकोड दिया जायेगा। उन्होंने निर्देश दिये कि मन्दिर के आसपास ठेले आदि की दुकानें हटाई जाये। जिन विभागों को जिम्मेदारियां दी गई है, वे गंभीरता से समय पर काम किया जाना सुनिश्चित करें। उल्लेखनीय है कि श्री महाकालेश्वर मन्दिर में महाशिवरात्रि पर्व पर गत वर्ष की भांति इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होगी।

श्रद्धालुओं की प्रवेश तथा निर्गम व्यवस्था
श्री महाकालेश्वर मन्दिर में आगन्तुक श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था हेतु नृसिंह घाट तिराहे पर स्थित गंगोत्री गार्डन से मन्दिर में प्रवेश हेतु द्वार निर्धारित किया जायेगा। आगन्तुक समस्त श्रद्धालु उक्त द्वार से प्रवेश कर चारधाम मन्दिर पानी की टंकी वाले मार्ग से त्रिवेणी संग्रहालय की ओर, त्रिवेणी संग्रहालय से नन्दी मण्डपम, महाकाल लोक, मानसरोवर भवन में प्रवेश कर फेसिलिटी सेन्टर-1, नवीन टनल, कार्तिक मण्डपम, गणेश मण्डपम से दर्शन कर सकेंगे। दर्शन उपरान्त गेट नम्बर-10 तथा आपातकालीन निर्गम द्वार से बड़ा गणेश मन्दिर से दाहिनी ओर पुराने अन्नक्षेत्र से हरसिद्धि पाल से हरसिद्धि चौराहा से झालरिया मठ के रास्ते बाहर की ओर प्रस्थान करेंगे।
भस्म आरती में पंजीयनधारी श्रद्धालुओं के प्रवेश सम्बन्धी व्यवस्था मानसरोवर भवन एवं गेट नम्बर-1 से निर्धारित रहेगी। विशिष्ट तथा अतिविशिष्ट श्रद्धालुओं के प्रवेश की व्यवस्था निर्माल्य द्वार से रहेगी। पर्व पर वीआईपी, मीडिया तथा पुजारी-पुरोहित का प्रवेश बेगमबाग के वीआईपी गेट से प्रवेश रहेगा।
पार्किंग व्यवस्था
समस्त वाहनों के लिये कर्कराज पार्किंग तथा दुपहिया व प्रशासनिक वाहनों हेतु कलोता समाज धर्मशाला पर पार्किंग व्यवस्था रहेगी। इन्दौर से आने वाले वाहनों की पार्किंग रूद्राक्ष होटल के दाहिनी ओर, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज तिराहे आदि पर, हरिफाटक ब्रिज के नीचे हाट बाजार तथा मन्नत गार्डन पर पार्किंग रहेगी। देवास, मक्सी, आगर रोड से आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था इंजीनियरिंग कॉलेज के मैदान व प्रशांतिधाम पार्किंग पर होगी। बड़नगर, नागदा रोड से आने वाले वाहनों की पार्किंग मुल्लापुरा उपार्जन केन्द्र, कार्तिक मेला पार्किंग, आदिनाथ जैन पार्किंग, उदासीन अखाड़ा, निर्मोही अखाड़ा पर होगी।
बैठक में मन्दिर परिसर के आसपास की साफ-सफाई, चलित शौचालय, पेयजल, जूता स्टेण्ड व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, पीए सिस्टम व खोया-पाया केन्द्र, दिशा सूचक बोर्ड, एलईडी व सीसीटीवी की व्यवस्था, बैरिकेटिंग व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, अस्थाई फायर स्टेशन, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, विद्युत आपूर्ति, खाद्य पदार्थ एवं प्रसाद वितरण सामग्री के परीक्षण की व्यवस्था के बारे में भी दिशा-निर्देश दिये गये।
ये भी पढ़े- Ujjain News: महाशिवरात्रि पर 15 लाख श्रद्धालु करेंगे महाकाल दर्शन, कब होगी सेहरा आरती, जानिए












Click it and Unblock the Notifications