35 सौ रुपए के खातिर खत्म कर लिया पूरा परिवार, घर में मिले थे पति-पत्नी के चार बच्चों के शव
राजस्थान के उदयपुर जिले के गोगुंदा पुलिस थाना इलाके की झाड़ोली ग्राम पंचायत के गोल नेड़ी गांव में पूरा परिवार खत्म होने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पूरे परिवार ने महज 3500 रुपयों के खातिर जान दे दी। गोगुंदा पुलिस की जांच में सामने आया है कि परिवार के खराब आर्थिक हालात और वसूली कंपनियों के दबाव के कारण छह लोगों की जान गई है।

पुलिस के अनुसार गांव गोल नेड़ी का प्रकाश गमेती एक साल से बेरोजगार था। इस कारण परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इसी महीने लोन की एक किश्त चुकाने के लिए उसकी पत्नी को अपना चांदी का कंदौरा बेचना पड़ा था।
25 नवंबर को 35 सौ रुपए की एक और किश्त चुकानी थी। घर में खाने पीने तक के लाले पड़ रहे थे। ऐसे में रविवार रात को यह परिवार ही खत्म हो गया। सोमवार सुबह पड़ोसियों को प्रकाश गमेती, बेटा गणेश, पुष्कर, रोशन कमरे में फांसी के फंदे पर लटके मिले।
बिस्तर पर प्रकाश की पत्नी दुर्गा गमेती व चार माह का बेटा गंगाराम अचेत पड़े मिले। सभी की मौत पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर पहुंची गोगुंदा पुलिस ने शवों के पोस्टमार्टम करवाए और परिजनों को सौंप दिए। गमगीन माहौल में सभी का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।












Click it and Unblock the Notifications