सूर्या की पारी टी-20 का आठवां आश्चर्य! लेग स्टंप पर गेंद, रूम बनाया, स्लाइस कर प्वाइंट के ऊपर से छक्का
नई दिल्ली, जुलाई 11। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की थी वो टी20 क्रिकेट आठवां आश्चर्च है। अपनी पारी के दौरान सूर्यकुमार यादव ने ऐसे ऐसे शॉट्स लगाये जिसके बारे में कोई दूसरा बल्लेबाज कल्पना भी नहीं कर सकता। क्रिकेट की किताब में जिस शॉट का असंभव माना गया है, सूर्या ने उसे संभव कर दिखाया। उन्हें बल्लेबाजी कला का वैज्ञानिक माना जा सकता है। एक से एक आश्चर्यजनक शॉट इजाद किये। अगर कोई गेंद लेग स्टंप पर हो तो क्या उसे स्लाइस कर प्वाइंट के ऊपर से छक्का मारा जा सकता है? इस असंभव शॉट के बारे में आज तक किसी ने सोचा नहीं था। लेकिन सूर्या तो सूर्या हैं। उन्होंने इस शॉट से छक्का लगा कर खिलाड़ियों और दर्शकों को स्तब्ध कर दिया। तेंदुलकर और सहवाग ने अपर कट लगा कर प्वाइंट के ऊपर से छक्का जरूर मारा है। लेकिन वे गेंदें आफ स्टंप से बाहर थीं। लेग स्टंप की गेंद को रूम बना कर प्वाइंट के ऊपर से छह रन के लिए मारना, अद्भुत दृश्य था। क्रिस जॉर्डन के 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर सूर्या ने यह यादगार छक्का लगाया था।

सामने देख रहे थे, कलाई घुमाई, स्कावयर लेग पर छक्का
सूर्य कुमार यादव ने अपने पिटारे से कई ऐसे शॉट्स निकाले कि देखने वाले हैरान रह गये। सातवें ओवर में तेज गेंदबाज डेविड विली बॉलिंग कर रहे थे। पहली गेंद पर सूर्या ने स्कावयर ड्राइव से चौका बटोरा। विली ने दूसरी गेंद पूरी रफ्तार से फुललेंथ डाली जो मिडिल और लेग स्टंप की तरफ थी। सूर्या ने इस गेंद को कलाई के सहारे घुमा कर बैकवर्ड स्कावयर लेग के ऊपर से छक्का मार दिया। कोई दूसरा बल्लेबाज होता तो इस गेंद को रक्षात्मक तरीके से खेलता या पुश कर देता। पारी का 13 वां ओवर लियाम लिविंगस्टोन फेंक रहे थे। उन्होंने पहली गेंद लेग स्टंप पर सूर्या के पैरों के पास डाली। सूर्या सामने देख रहे थे। कुछ सकेंड बाद उन्हें स्वीप शॉट खेलने का इरादा बनाया। उन्होंने लेग साउड में देखा भी नहीं और स्वीप शॉट को कलाइयों के सहारे इम्प्रोवाइज किया और गेंद बैकर्वड स्क्वायर लेग के ऊपर से छह रनों के बाहर चली गयी। उन्होंने दिखाया कि उनकी कलाइयों में कितनी ताकत है। ऑफ हो या ऑन, किसी भी दिशा में वे मनमाने तरीके से प्रहार कर रहे थे।

हल्के हाथ से लॉफ्ट किया, कवर के ऊपर से छक्का
रिचर्ड ग्लीसनन पारी का 14वां ओवर करने के लिए आये थे। ग्लीसनन की दूसरी गेंद आफ स्टंप पर पड़ कर अंदर की तरफ आ रही थी। सूर्या ने बेहद नजाकत के साथ गेंद को कवर एरिया में लॉफ्ट कर दिया। गेंद बहुत ऊपर जा रही थी। हवा में थी। इस शॉट को देख कर टेलीविजन पर कमेंट्री कर रहे एक पूर्व खिलाड़ी ने तो यहां कह दिया, ये कैच है और इंग्लैंड के पास एका मौका है। लेकिन सूर्या अपने इस शॉट पर बिल्कुल आश्वस्त थे। वे जानते थे कि गेंद छह रनों के लिए बाहर जा रही है। वे रन के लिए दौड़े भी नहीं। गेंद सचमुच हवा में दूर तक तैरती हुआ बाउंड्री लाइन के बहुत बाहर गिरी। तब कमेंट्रेटर ने अपनी गलती सुधारी और कहा, गेंद तो छह रनों के लिए सीमा रेखा से बाहर चली गयी। कोई इतने हल्के हाथ से कवर के ऊपर से छक्का मारे, हैरान करने वाला था।

पहले मैच में ही उज्ज्वल भविष्य की झलक
मार्च 2021 में सूर्य कुमार यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ ही अपने टी-20 करियर की शुरुआत की थी। दूसरे मैच में उन्हें टीम में लिया गया था। लेकिन बैटिंग की बारी ही नहीं आयी। तीसरे मैच में टीम से बाहर हो गये। इंग्लैंड के खिलाफ चौथे मैच में आखिरकार उन्हें खेलने का मौका मिला। अपनी पहली पारी की पहली ही गेंद पर छक्का मार कर उन्होंने अपने तेवर दिखा दिये थे। छक्के से पारी शुरू की और चौके से फिप्टी लगायी। केवल 28 गेंदों पर अर्धशतक बनाया था। तब युवराज सिंह ने कहा था, सूर्या का वर्ल्ड कप में स्थान पक्का। वी वी एस लक्ष्मण ने कहा था, सूर्या इनोवेटिव, निडर और आक्रामक हैं। इस गुणवत्ता वाली पारी से मैं उनके प्रति बहुत आशावान हूं। आज एक साल बाद सूर्या ने दिग्गजों की भविष्यवाणी को सच साबित कर दिया। सूर्या के क्रिकेटिंग शॉट्स सचमुच इनोवेटिव हैं।












Click it and Unblock the Notifications