Fact Check: 'मेड इन पाकिस्तान' ऑटो में बैठे PM मोदी? मनीला के वायरल वीडियो पर पकड़ा गया PAK का झूठ, जानें सच
पाकिस्तान अब सोशल मीडिया पर फर्जी दावों के जरिए अपनी ही फजीहत करवा रहा है। फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित आसियान (ASEAN) शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक सवारी को लेकर पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स ने नया झूठ फैलाया। दावा किया गया कि पीएम मोदी जिस रंग-बिरंगे ई-रिक्शा या ऑटो में बैठे थे, वह 'मेड इन पाकिस्तान' है। लेकिन जब इस दावे की पड़ताल की गई, तो हकीकत कुछ और ही निकली। यह खास तौर पर सजाया गया तिपहिया वाहन भारत की दिग्गज कंपनी बजाज ऑटो (Bajaj Auto) का बनाया हुआ था।
मंगलवार को मनीला में गाला डिनर के लिए जाते समय पीएम मोदी और दुनिया के कई अन्य नेताओं ने इन खास ऑटो-रिक्शा की सवारी की। मेजबान देश फिलीपींस ने शिखर सम्मेलन के हिस्से के रूप में इन रंगीन वाहनों का इंतजाम किया था, जिन पर वहां की पारंपरिक 'जीपनी' (Jeepney) कलाकृति की झलक थी। इस मौके पर पीएम मोदी फिलीपींस की पारंपरिक पोशाक 'बारोंग तागालोग' (Barong Tagalog) पहने नजर आए, जिस पर बेहद बारीक कढ़ाई की गई थी।

क्यों फैलाया गया झूठ और क्या है असली सच?
जैसे ही पीएम मोदी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लाहौर के एक पत्रकार हम्माद हसन समेत कई पाकिस्तानी अकाउंट्स ने इसे पाकिस्तान में बना ई-रिक्शा बताना शुरू कर दिया। दरअसल, इस गलतफहमी और प्रोपेगेंडा के पीछे एक खास वजह थी। पिछले ही महीने पाकिस्तान की ऑटो कंपनी 'साजगार' (Sazgar) ने दक्षिण-पूर्व एशिया में अपने विस्तार की योजना के तहत फिलीपींस के लगुना में अपनी पहली विदेशी फैक्ट्री खोली है। इसी के दम पर पाकिस्तानी यूजर्स झूठा श्रेय लेने की कोशिश कर रहे थे।
हालांकि आसियान समिट में विश्व नेताओं को ले जाने वाले इन मॉडिफाइड ऑटो के क्लोज-अप वीडियो ने पाकिस्तान की पोल खोल दी। वीडियो में ऑटो के डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर पर साफ तौर पर भारतीय कंपनी बजाज का लोगो दिखाई दे रहा है। इस खुलासे के बाद भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने पाकिस्तानी हैंडल्स की जमकर क्लास लगाई। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि भारत की उपलब्धियों पर दावा करने के लिए पाकिस्तान इतना बेताब है कि एक तिपहिया वाहन को भी उनकी पहचान का संकट दूर करना पड़ रहा है।
बता दें कि बजाज ऑटो ने 2015 में फिलीपींस के बाजार में कदम रखा था और आज वहां के थ्री-व्हीलर मार्केट में उसका दबदबा है। फिलीपींस में कंपनी के कई असेंबली प्लांट हैं और वह दुनिया के 70 से ज्यादा देशों में अपने वाहन निर्यात करती है।
आसियान और ईस्ट एशिया समिट में पीएम मोदी के बड़े ऐलान
फिलीपींस के अपने दो दिवसीय व्यस्त दौरे के दौरान पीएम मोदी ने आसियान समिट के साथ-साथ ईस्ट एशिया समिट (EAS) और क्वाड (Quad) नेताओं की बैठक में भी हिस्सा लिया, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेता शामिल थे।
आसियान समिट में पीएम मोदी ने कई बड़े प्रस्ताव रखे:
- समुद्री सहयोग: कनेक्टिविटी बढ़ाने और नाविकों की सुरक्षा के लिए दीर्घकालिक समुद्री सहयोग योजना।
- फ्री ई-वीजा: आसियान देशों के पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा की सुविधा।
- अन्य पहल: संयुक्त साइबर फोरेंसिक ट्रेनिंग प्रोग्राम और खनन व क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्र में आपसी सहयोग।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान मिलकर दुनिया की लगभग एक-चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग से तय होना चाहिए। इसके अलावा, ईस्ट एशिया समिट में पीएम मोदी ने नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए अपनी तरह की पहली 'सीफेरर्स सेफ्टी इनिशिएटिव' (Seafarers' Safety Initiative) शुरू करने की घोषणा की।
नाविकों की सुरक्षा पर यह जोर इसलिए भी मायने रखता है क्योंकि फरवरी में अमेरिका-ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद से भारतीय नाविकों वाले कई व्यापारिक जहाज इसकी चपेट में आ चुके हैं, जिसमें अब तक कम से कम 22 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है।


Click it and Unblock the Notifications
