Virat Kohli को लेकर कपिल देव के बयान पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने लिए मजे, कमेंट में कही ये बात
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली इन दिनों बुरे दौर से गुजर रहे हैं। उन पर लगातार अच्छे प्रदर्शन का दबाव बढ़ता जा रहा है।
नई दिल्ली, 11 जुलाई: पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली इन दिनों बुरे दौर से गुजर रहे हैं। उन पर लगातार अच्छे प्रदर्शन का दबाव बढ़ता जा रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट के बाद कोहली को पहले टी20 के लिए आराम दिया गया। ऐसे में तीन नंबर पर दीपक हुड्डा ने शानदार बल्लेबाजी की। विराट कोहली की सभी फॉर्मेट में फॉर्म को लेकर हाल ही में पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने कमेंट किया था। उन्होंने कहा था कि महान खिलाड़ी अगर अच्छा प्रदर्शन नहीं करते हैं तो उन्हें टीम से हटा देना चाहिए।

कपिल ने कही थी ये बात
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने सोशल मीडिया पर कपिल देव का एक खास कोट शेयर किया है। कपिल ने कहा था, "जब आपके पास बहुत सारे विकल्प हों तो इन-फॉर्म खिलाड़ियों को मौका दिया जाना चाहिए। आप सिर्फ अपनी रेपुटेशन के दम पर नहीं खेल सकते हैं, आपको खिलाड़ी की वर्तमान फॉर्म भी देखनी होगी। आप एक महान खिलाड़ी हो सकते हैं लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि 5 मैचों में फेल होने के बाद भी आपको लगातार मौके दिए जाएंगे।

ऑस्ट्रेलिया इससे सहमत है
आईसीसी की इस पोस्ट पर ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा का कमेंट आया है। उन्होंने सुझाव दिया कि भारत के विरोधी कोहली को टी 20 टीम से बाहर करने के कदम का स्वागत करेंगे। ख्वाजा ने आईसीसी की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा: "करीब 140 का स्ट्राइक रेट और 50 की औसत, अच्छी बात है, ऑस्ट्रेलिया इससे सहमत है।"

टी20 में फेल रहे विराट
उस्मान ख्वाजा के इस कमेंट को 18 हजार से ज्यादा लाइक मिल चुके हैं। कई यूजर्स सोशल मीडिया पर उनके इस कमेंट का स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं। विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट में 11 और 20 रन की पारी खेली थी। वहीं दूसरी और तीसरे टी20 में भी वह कुछ खास नहीं कर पाए। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में विराट ने 1 और तीसरे टी20 में 11 रन बनाए। इसी साल ऑस्ट्रेलिया ने टी20 विश्वकप खेला जाना है, ऐसे में भारत को उम्मीद है कि उनके पूर्व कप्तान जल्द फॉर्म में वापस आएं।












Click it and Unblock the Notifications