गुजरात: भारी बारिश की तबाही के चलते नहीं हो सकी थी परीक्षा, अब छात्र कल से दे सकेंगे
सूरत। इस महीने की शुरुआत में लगातार हुई भारी बारिश से सूरत सहित दक्षिण गुजरात में स्थिति विकट हो गई थी। 11 से 14 जुलाई तक की बारिश से हजारों लोगों की जान संकट में आ गई थी। सड़कें पानी में डूब रही थीं। ऐसी आफत के चलते बहुत से छात्र-छात्राएं अपनी परीक्षा नहीं दे पाए थे। ऐसे छात्र-छात्राओं के लिए वीर नर्मद साउथ गुजरात यूनिवर्सिटी की ओर से एक परिपत्र जारी किया गया है। यूनिवर्सिटी ने कहा है कि, जो पहले परीक्षा नहीं दे पाए थे, वे अब 27 से 30 जुलाई तक परीक्षा दे सकेंगे।

यूनिवर्सिटी के परिपत्र के अनुसार, काफी छात्र-छात्राएं 11 जुलाई से 14 जुलाई तक की परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे। इनकी फिर से परीक्षा कराई जाएगी। 11 की परीक्षा 27 जुलाई, 12 की परीक्षा 28 जुलाई, 13 की परीक्षा 29 जुलाई और 14 की परीक्षा 30 जुलाई को आयोजित की जाएगी। यूनिवर्सिटी ने परीक्षा का नया टाइम टेबल घोषित करते हुए यह भी कहा कि, जो छात्र 11 से 14 जुलाई के बीच परीक्षा में शामिल हुए, यदि वे नई घोषित तिथि पर परीक्षा में शामिल होते हैं, तो उनका परिणाम मान्य नहीं होगा।\

मालूम हो कि, भारी बारिश के चलते यूनिवर्सिटी ने विगत 15 और 16 जुलाई को परीक्षा स्थगित कर दी थी। अब इसकी परीक्षा क्रमश: 25 और 26 जुलाई को होगी। सभी परीक्षाओं का कार्यक्रम यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर घोषित कर दिया गया है। यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियामक एवी धडुक का कहना है कि, भारी बारिश के कारण परीक्षा नहीं दे सके 1050 से अधिक छात्र-छात्राओं के आवेदन आए हैं, जो अब परीक्षा देना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications