खुद से बदसलूकी पर कोरोना मरीजों का इलाज करने वाली डॉक्टर बोली- मैं फर्ज से पीछे नहीं हटूंगी
सूरत। कोरोना संक्रमण के बीच घंटों रहकर मरीजों का इलाज कर रहे डॉक्टर एवं मेडिकल स्टाफ को 'कोरोना वॉरियर्स' कहा जा रहा है। मगर, इन वॉरियर्स को इन दिनों दोहरे संघर्ष से जूझना पड़ रहा है। एक तो वे अपना ज्यादातर समय हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमित को ठीक करने लिए दे रहे हैं, वहीं जब घर लौटते हैं तो पड़ोसियों या मकान मालिकों की भी सुननी पड़ती है। इसी तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। इस बार सूरत के सिविल अस्पताल में काम करने वाली डॉ. संजीवनी ने आपबीती जाहिर की है।

सूरत में महिला डॉक्टर ने बदसुलूकी की रिपोर्ट लिखाई
डॉ. संजीवनी ने बताया कि, मुझसे पड़ोसी चेतन मेहता और उसकी पत्नी भावना मेहता ने बदसलूकी की। चेतन ने मुझे गेट आउट भी कहा। घर छोड़कर जाने के लिए भी धमकाया। मैंने उक्त घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था, जिसे अब पुलिस कमिश्नर को दिखाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। बकौल डॉ. संजीवनी, ''मैं अपना काम करती रहूंगी और फर्ज निभाने से कभी भी पीछे नहीं हटूंगी।'

मैं कुछ नहीं बोली तो घर आकर धमकाया
महिला डॉक्टर ने बताया कि, 'कुछ दिन पहले मैंने पुलिस को शिकायत कर कहा था कि पड़ोसी परेशान कर रहे हैं। एक पड़ोसी ने मुझसे पूछा था- तुम अस्पताल में काम करती हो। कहीं तुम्हें भी वायरस का संक्रमण तो नहीं हो गया है। मैंने इसका कोई जवाब नहीं दिया। इस बात से वे लोग भड़क गए। रविवार को मैं घर पहुंची, तो पड़ोसी चेतन और उसकी पत्नी बाहर ही खड़े थे। मेरे घर में डॉगी है। उसे देखकर भावना भड़क गई। चेतन ने मुझे गालियां देनी शुरू कर दीं। मुझे धक्का भी मारा।'

एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने भी किया था ट्वीट
डॉक्टर से बदसुलूकी पर बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने भी निशाना साधा था। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर आरोपी को जेल भिजवाने की मांग की। उन्होंने लिखा कि, ये क्या हो रहा है, इस शख्स को तो जेल में होना चाहिए।' मालूम हो कि, कोरोना-संकट के बीच कई जगहों पर डॉक्टर्स और नर्सिंग स्टाफ से पब्लिक द्वारा गलत व्यवहार किए जाने की अब तक काफी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एक ओर डॉक्टर अपनी जान को जोखिम में डालकर कोरोना पीड़ितों की सेवा कर रहे हैं, वहीं उनके पड़ोसी या मकान मालिक उनसे दूरी बना रहे हैं। ऐसी ही घटना मध्यप्रदेश से सामने आ चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications