US Open: सेरेना विलियम्स हुईं तीसरे दौर में बाहर, 'आखिरी मैच' में विदाई के समय रो पड़ीं- VIDEO
नई दिल्ली, 3 सितंबर: सेरेना विलियम्स के शानदार करियर के शानदार अंत के सपने को झटका लगा है क्योंकि टेनिस आइकन को ऑस्ट्रेलिया की अजला टोमलजानोविक ने यूएस ओपन से बाहर कर दिया गया है। सेरेना को टॉमलजानोविक ने 3 घंटे 5 मिनट में 7-5, 6-7 (4/7) 6-1 से हराया। माना जा रहा है ये उनके चमकदार करियर का अंतिम सिंगल ग्रैंड स्लैम मुकाबला हो सकता है।

40 वर्षीय विलियम्स ने पिछले महीने संकेत दिया था कि वह ओपन के बाद संन्यास लेने की योजना बना रही हैं। विलियम्स ने 27 साल के करियर में 23 ग्रैंड स्लैम सिंगल खिताब अर्जित किए। भले ही सेरेना ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है लेकिन यह उनका आखिरी मैच ही माना जा रहा है। उन्होंने मैच के बाद भावुक होकर इसको साबित भी किया। जैसे ही उन्होंने पिता के बाद मां को पुकारा वो रो पड़ीं।
कोर्ट के दौरान यह पूछे जाने पर कि क्या कोई संभावना है कि वह अभी भी अपना करियर बढ़ा सकती हैं, उन्होंने जवाब दिया: "मुझे ऐसा नहीं लगता, लेकिन आप कभी नहीं जानते। यह एक मजेदार यात्रा रही है। यह मेरे जीवन में अब तक की सबसे अविश्वसनीय यात्रा रही है। मैं हर उस व्यक्ति की बहुत आभारी हूं जिसने कभी भी अपने जीवन में 'गो, सेरेना' कहा है। मैं बहुत आभारी हूं। आपने मुझे यहां पहुंचाया।"
विलियम्स ने अपने माता-पिता रिचर्ड विलियम्स और ओरेसीन प्राइस की तारीफ की, जिन्होंने उन्हें और उनकी बड़ी बहन वीनस को सुपरस्टारडम के रास्ते पर स्थापित किया था।
विलियम्स ने कहा, "यह सब मेरे माता-पिता के साथ शुरू हुआ। मैं वास्तव में उनके लिए आभारी हूं।"
विलियम्स ने अपनी बहन को भी कहा, "मैं सेरेना नहीं होती अगर वीनस नहीं होती, तो धन्यवाद, वीनस। वह एकमात्र कारण है कि सेरेना विलियम्स कभी अस्तित्व में थी।"
इस बीच सेरेना को हराने वाली टॉमलजानोविक ने निराशा व्यक्त की कि विलियम्स का करियर समाप्त होने की संभावना है।
उन्होंने कहा, "मैं वास्तव में खेद महसूस कर रही हूं क्योंकि मैं सेरेना से उतना ही प्यार करती हूं जितना आप लोग करते हैं। उसने मेरे लिए, टेनिस के खेल के लिए जो किया है, वह अविश्वसनीय है।
"मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे उसके आखिरी मैच में उसके साथ खेलने का मौका मिलेगा। यह मेरे लिए एक असली क्षण है।"
उन्होंने अंत में सेरेना को अब तक की सबसे महान खिलाड़ी बताया।












Click it and Unblock the Notifications