नोवाक जोकोविच बने वर्ल्ड नंबर वन, 20 साल में पहली बार टॉप-100 से बाहर हुए राफेल नडाल
टेनिस दिग्गज नोवाक जोकोविच ने कार्लोस अल्कराज से नंबर वन रैंकिंग छीनकर वापस दुनिया के टॉप टेनिस प्लेयर के तौर पर खुद को स्थापित कर लिया है। नोवाक ने फ्रेंच ओपन में ताजा जीत हासिल करके अपना रिकॉर्ड 23वां ग्रैंड स्लैम कब्जाया।
दूसरी ओर ये बीस साल में पहली बार हुआ है जब राफेल नडाल टॉप-100 से भी बाहर हो गए हैं। सर्बिया लीजेंड जोकोविच ने स्पेनियार्ड अल्कराज को फ्रेंच ओपन के फाइनल में हराया था।

अल्कराज अब नंबर दो पर आ गए हैं जबकि डेनिल मेदवेदेव तीसरे नंबर हैं। डेनिल टूर्नामेंट के पहले राउंड से ही बाहर हो गए थे। 14 बार के फ्रेंच ओपन चैम्पियन राफेल नडाल चोट से जूझते रहे हैं और जनवरी से नहीं खेल पाए हैं। ऑस्ट्रेलियाई ओपन के दौरान उनको हिप इंजरी हुई थी।
37 साल का ये खिलाड़ी 15वीं से 136वीं रैंकिंग पर जा पहुंचा है क्योंकि वे टूर मैचों में लगातार अनुपस्थित हैं। इसी महीने उनकी सर्जरी हुई है और पांच महीनों के लिए कोर्ट से बाहर रहेंगे।
महिलाओं की रैंकिंग में, इगा स्वोटेक ने अपने फ्रेंच ओपन खिताब को रिटेन करने के बाद टॉप स्थान बरकरार रखा है। उन्होंने अप्रैल 2022 से रैंकिंग पर कब्जा कर लिया है।
स्वोटेक को लगातार टक्कर देने वाले आर्यना सबालेंका इस बार इस खिलाड़ी से आगे जाने का मौका चूक गईं। जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने वाली आर्यना सेमीफाइनल में करोलिना मुचोवा से हारकर दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं, फ्रेंच ओपन की फाइनलिस्ट मुचोवा 43वें से करियर के सर्वश्रेष्ठ 16वें स्थान पर पहुंच गईं हैं।
मौजूदा विंबलडन चैंपियन ऐलेना रायबाकिना एक स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गई तो जेसिका पेगुला दो पायदान नीचे पांचवें स्थान पर आ गई हैं। यहां बीट्रिज हद्दाद मिया का जिक्र करना जरूरी होगा जो फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने के सपने को साकार करने के बाद टॉप- 10 में पहुंचने वाली पहली ब्राजीलियाई महिला भी बनीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications