पीएम मोदी ने की ऋषभ पंत के जल्द स्वस्थ होने की कामना, फुटबॉलर पेले के निधन पर भी जताया दुख
प्रधानमंत्री मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने क्रिकेटर ऋषभ पंत के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही उन्होंने फुटबॉलर पेले के निधन पर दुख व्यक्त किया।

देश के लिए शुक्रवार का दिन दो बुरी खबर लेकर आया। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का निधन हो गया तो दूसरी ओर भारतीय क्रिकेट के तूफानी खिलाड़ी ऋषभ पंत की कार हादसे का शिकार हो गई। इसके बाद उसमें आग लग गई। पंत किसी तरह बाहर तो निकल आए, लेकिन उनको कई जगहों पर चोटें लगी हैं। पीएम मोदी ने भी क्रिकेटर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि जाने माने क्रिकेटर ऋषभ पंत के हादसे से व्यथित हूं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं। इसके बाद उन्होंने फुलबॉल खिलाड़ी पेले के निधन पर भी दुख व्यक्त किया। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि पेले के निधन से खेल की दुनिया में एक अपूरणीय क्षति हुई है। एक वैश्विक फुटबॉल सुपरस्टार, उनकी लोकप्रियता सीमाओं को पार कर गई। उनका उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और सफलता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी। उनके परिवार और फैन्स के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।
कैसे हुआ हादसा?
ऋषभ पंत अपनी मर्सिडीज कार खुद चलाकर दिल्ली से अपने रूड़की स्थित घर जा रहे थे। अचानक से उनको नींद आ गई और उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। इसके बाद कार में आग लग गई, लेकिन तब तक क्रिकेटर विंड स्क्रीन तोड़कर बाहर आ गए थे।
देहरादून किया गया शिफ्ट
हादसे के बाद पंत को पास में स्थित सक्षम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसके बाद वहां से उनको देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल शिफ्ट कर दिया गया। BCCI के मुताबिक क्रिकेटर को फॉरहेड (माथे) पर दो कट लगे हैं। उनके दाहिने घुटने में लिगामेंट टियर है। इसके अलावा उनके दाहिने हाथ की कलाई, टखने और पैर के अंगूठे में भी चोट आई है। फिलहाल उनका इलाज किया जा रहा। अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें दिल्ली शिफ्ट किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications