विनेश फोगाट को क्यों मिला एंटी-डोपिंग एजेंसी का नोटिस? वापसी से पहले पहलवान के सामने खड़ी हुई बड़ी चुनौती
Vinesh Phogat: भारतीय पहलवान विनेश फोगाट एक बार फिर चर्चा में हैं लेकिन इस बार मामला कुश्ती के दांव-पेच का नहीं बल्कि नियमों की अनदेखी से जुड़ा है। अंतरराष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी यानी आईटीए ने विनेश को एक आधिकारिक नोटिस जारी कर बताया है कि उन्होंने अपना एक डोपिंग टेस्ट मिस कर दिया है।
यह घटना 18 दिसंबर 2025 की है जब डोपिंग कंट्रोल ऑफिसर विनेश द्वारा बताए गए स्थान पर उन्हें टेस्ट के लिए नहीं ढूंढ पाया। नियम के मुताबिक एलीट एथलीटों को हर दिन एक घंटे का ऐसा समय और स्थान बताना होता है जहां वे बिना किसी नोटिस के टेस्ट के लिए उपलब्ध रह सकें।

विनेश ने क्या जवाब दिया था?
विनेश ने इस मामले पर अपना स्पष्टीकरण देते हुए बताया था कि उस दिन वह हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ में थीं। साथ ही उन्होंने अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारियों और छोटे बच्चे का हवाला भी दिया था। हालांकि आईटीए ने उनके तर्कों को पूरी तरह पर्याप्त नहीं माना। एजेंसी का कहना है कि अगर विनेश के कार्यक्रम में बदलाव हुआ था तो उन्हें मोबाइल ऐप या ईमेल के जरिए अपनी लोकेशन तुरंत अपडेट करनी चाहिए थी जो उन्होंने नहीं की। इसी लापरवाही के कारण आईटीए ने इसे विनेश की पहली आधिकारिक विफलता के रूप में दर्ज किया है।
विनेश के लिए चेतावनी
राहत की बात यह है कि यह विनेश के लिए केवल एक चेतावनी है और इसे एंटी-डोपिंग नियमों का उल्लंघन नहीं माना गया है। वाडा और अंतरराष्ट्रीय कुश्ती संघ के नियमों के अनुसार अगर कोई खिलाड़ी एक साल के भीतर तीन बार अपनी लोकेशन बताने में फेल होता है या टेस्ट मिस करता है तभी उस पर दो साल तक का प्रतिबंध लग सकता है। चूंकि यह पिछले 12 महीनों में विनेश की ऐसी पहली गलती है इसलिए उनके करियर पर फिलहाल कोई खतरा नहीं है। विनेश को इस फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए 4 मई से सात दिन का समय दिया गया है।
कुश्ती में वापस आ रही हैं विनेश
यह पूरा घटनाक्रम विनेश के कुश्ती में दोबारा वापसी के ठीक बाद सामने आया है। पेरिस ओलंपिक 2024 में अधिक वजन के कारण अयोग्य घोषित होने के बाद उन्होंने संन्यास ले लिया था लेकिन दिसंबर 2025 में उन्होंने दोबारा मैट पर लौटने का फैसला किया। वापसी के साथ ही वह कड़े डोपिंग टेस्ट के घेरे में आ गई हैं। इस समय वह गोंडा में होने वाले नेशनल रैंकिंग टूर्नामेंट के जरिए अपनी नई शुरुआत करने जा रही हैं जहां उनकी सुरक्षा और निष्पक्षता को लेकर भारतीय कुश्ती संघ ने उन्हें पूरा भरोसा दिलाया है।












Click it and Unblock the Notifications