CWG games 2022: जूडो से भारत को मिले 2 और मेडल, सुशीला देवी ने कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में दर्ज कराया नाम
बर्मिंघम, अगस्त 01। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत के खाते में सोमवार को 2 और मेडल आ गए। दरअसल, यह दोनों मेडल जूडो में मिले। एक तरफ सुशीला देवी ने 48 किग्रा. कैटेगिरी के फाइनल मुकाबले में सिल्वर मेडल हासिल किया तो वहीं दूसरी तरफ जूडो में ही विजय यादव ने साइप्रस के पेट्रोस क्रिसटोडूलाइड्स को हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। आपको बता दें कि इन दो मेडल के बाद भारत के टोटल मेडल की संख्या 8 हो गई है, जिसमें से 3 गोल्ड मेडल हैं। तीन सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल हैं।

सुशीला ने नाम किया यह रिकॉर्ड
आपको बता दें कि जूडो में सुशीला देवी ने सिल्वर मेडल जीतकर एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दरअसल, सुशील देवी कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में जूडो में एक से अधिक मेडल जीतने वालीं पहली भारतीय बन गईं हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका की माइकेला वाइटबूई से हारकर 27-वर्षीय सुशीला देवी ने रजत पदक जीता। सुशीला ने 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी सिल्वर मेडल जीता था।
लगातार दो मैच जीती थीं सुशीला देवी
आपको बता दें कि सुशीला देवी का सिल्वर मेडल सोमवार को भारत का पहला मेडल था। उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में मलावी की हैरियेट बोनफोस को हराया था। इसके बाद सेमीफाइनल में सुशीला ने मॉरिशस की प्रिसिल्ला मोरांद को मात दी थी। सुशीला के पास गोल्ड जीतने का भी मौका था, लेकिन फाइनल में दक्षिण अफ्रीका की मिकेला व्हीबोई ने आर्म लॉक के जरिए सुशीला को हरा दिया। इस तरह से मिकेला ने गोल्ड अपने नाम कर लिया।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशीला देवी और विजय यादव को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी है। पीएम मोदी ने सुशीला देवी को लेकर कहा है कि मैं आपका खेल देखकर स्तब्ध हूं, सिल्वर मेडल जीतने की बहुत बहुत बधाई। उन्होंने शानदार स्किल दिखाई। भविष्य के लिए सुशीला को शुभकामनाएं। वहीं विजय यादव को लेकर पीएम मोदी ने कहा है कि देश को आप पर गर्व है। आपकी कामयाबी से भारत में खेलों को बढ़ावा मिलेगा। वह भविष्य में और कामयाब हों और कई कीर्तिमान बनाएं और नई ऊंचाइयों को छुएं।












Click it and Unblock the Notifications