पीएम मोदी ने पीवी सिंधु को दी गोल्ड की बधाई, ट्वीट कर कहा- आपका समर्पण प्रेरणादायी है
नई दिल्ली, अगस्त 08। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का आज आखिरी दिन है और भारत की झोली में गोल्ड मेडल आने का सिलसिला लगातार जारी है। बैडमिंटन में पहले पीवी सिंधु ने और फिर मेन्स सिंगल के फाइनल में लक्ष्य सेन ने भारत को गोल्ड दिलाने का काम किया है। सिंधु ने महिला सिंगल के फाइनल में कनाडा की मिशेल ली को 21-15, 21-13 हराया तो वहीं लक्ष्य सेन ने मलेशिया के एंग जे यॉन्ग को 19-21, 21-9, 21-16 से हराकर गोल्ड अपने नाम किया।

सिंधु के लिए पीएम मोदी ने किया ट्वीट
बैडमिंटन के इन स्टार खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर इन्हें बधाई दी है। पीएम मोदी ने पीवी सिंधु को गोल्ड की बधाई देते हुए कहा है, ''अभूतपूर्व पीवी सिंधु, चैंपियंस की चैंपियंस! आपने अपनी उत्कृष्टता को दोबारा से दिखाया। आपका समर्पण और आपकी प्रतिबद्धता प्रेरणादायी है। राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड जीतने पर आपको ढेरों बधाई। भविष्य के लिए आपको शुभकामनाएं।"
राष्ट्रपति ने भी दी बधाई
पीएम मोदी के अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी पीवी सिंधु को जीत की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है, ''सिंधू ने राष्ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतकर देश का दिल जीत लिया। आपने कोर्ट पर अपने जादुई खेल से लाखों लोगों को मंत्रमुग्ध किया। आप की शानदार जीत से हमारा तिरंगा ऊंचा लहराया और बर्मिंघम में हमारा राष्ट्रगान गूंज रहा है।"
लक्ष्य के लिए पीएम मोदी ने किया ट्वीट
पीएम मोदी ने लक्ष्य सेन के लिए ट्वीट करते हुए कहा है कि मैं उनकी उपलब्धि से काफी उत्साहित हूं। बैडमिंटन में गोल्ड मेडल जीतने के लिए उन्हें बधाई। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और फाइनल के दौरान एक शानदार खेल खेला। लक्ष्य सेन भारत के गौरव हैं, उनके भविष्य के प्रयासों के लिए ढेरों शुभकामनाएं।''












Click it and Unblock the Notifications