'खुद को रोक न सका,' पीएम मोदी ने नीरज चोपड़ा की मां को लिखा पत्र, खास डिश के लिए किया धन्यवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओलंपियन जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा की मां सरोज देवी को पत्र लिखकर उनके द्वारा बनाए गए 'चूरमा' के लिए धन्यवाद दिया है। सरोज देवी को संबोधित अपने पत्र में पीएम मोदी ने लिखा कि, 'आज इस चूरमा को खाने के बाद आपको पत्र लिखने से खुद को रोक नहीं सका।'
पीएम मोदी ने पत्र में लिखा, 'आदरणीया सरोज देवी जी, सादर प्रणाम! आशा है आप स्वस्थ, सकुशल और सानंद होंगी।कल जमैका के प्रधानमंत्री जी की भारत यात्रा के अवसर पर आयोजित भोज में मुझे भाई नीरज से मिलने का अवसर मिला। उनसे चर्चाओं के बीच मेरी खुशी तब और बढ़ गई, जब उन्होंने मुझे आपके हाथों से बना स्वादिष्ट चूरमा दिया।'

'पत्र लिखने से खुद को रोक ना सका'
प्रधानमंत्री ने पत्र में आगे लिखा कि, 'आज इस चूरमे को खाने के बाद आपको पत्र लिखने से खुद को रोक ना सका। भाई नीरज अक्सर मुझसे इस चूरमे की चर्चा करते हैं, लेकिन आज इसे खाकर मैं भावुक हो गया।'
'मुझे मेरी मां की याद दिला दी'
पीएम मोदी ने लिखा, 'आपके अपार स्नेह और अपनेपन से भरे इस उपहार ने, मुझे मेरी मां की याद दिला दी। मां शक्ति, वात्सल्य और समर्पण का रूप होती है। यह संयोग ही है कि मुझे मां का ये प्रसाद नवरात्र पर्व के एक दिन पहले मिला है। मैं नवरात्रि के इन 9 दिनों में उपवास करता हूं। एक तरह से आपका ये चूरमा मेरे उपवास के पहले मेरा मुख्य अन्न बन गया है।'
'ये चूरमा, अगले 9 दिन मुझे राष्ट्र सेवा की शक्ति देगा'
उन्होंने आगे लिखा कि, 'जिस तरह आपका बनाया भोजन जैसे भाई नीरज को देश के लिए मेडल जीतने की ऊर्जा देता है। वैसे ही ये चूरमा, अगले 9 दिन मुझे राष्ट्र सेवा की शक्ति देगा। शक्ति पर्व नवरात्र के इस अवसर पर मैं आपके साथ, देशभर की मातृशक्ति को ये विश्वास दिलाता हूं कि मैं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए और अधिक सेवाभाव से निरंतर काम में जुटा रहूंगा। आपका हृदय से आभार।'
ये भी पढ़िए- Mohammed Shami: मोहम्मद शमी को ये किसकी नजर लगी? तेज गेंदबाज के फैंस को फिर मिली बुरी खबर
दरअसल, 26 वर्षीय भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड, पेरिस खेलों में सिल्वर जीतने के अलावा विश्व चैंपियन और डायमंड लीग चैंपियन बनने के अलावा एशियाई खेलों के गोल्ड मेडल विजेता भी बन चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications