ओलंपिक मेडलिस्ट अमन सहरावत को क्यों किया गया बैन? गलती ऐसी कि हो जाएंगे हैरान
Aman Sehrawat: भारतीय कुश्ती जगत से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले पहलवान अमन सहरावत को भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने एक वर्ष के लिए निलंबित कर दिया है। यह निलंबन 23 सितंबर 2025 से 22 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा।
निलंबन का कारण
अमन सहरावत हाल ही में क्रोएशिया के ज़ाग्रेब में आयोजित विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में हिस्सा लेने पहुंचे थे, लेकिन जांच के दौरान उनका वजन निर्धारित सीमा से 1.7 किलोग्राम अधिक पाया गया। वह 57 किलोग्राम वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हैं। इस नियम उल्लंघन के बाद उन्हें तुरंत प्रतियोगिता से अयोग्य घोषित कर दिया गया।

महासंघ ने उन्हें 'शो कॉज़ नोटिस' (कारण बताओ नोटिस) जारी किया था। अमन ने 29 सितंबर को अपना जवाब जमा किया, लेकिन WFI की अनुशासन समिति ने इसे असंतोषजनक मानते हुए एक साल का निलंबन तय किया।
अब क्या नहीं कर पाएंगे अमन
इस निलंबन अवधि के दौरान अमन सहरावत किसी भी राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। किसी अधिकृत ट्रेनिंग कैम्प या कुश्ती गतिविधि का हिस्सा भी नहीं बन पाएंगे। WFI ने कहा कि एक ओलंपिक मेडलिस्ट से अनुशासन और पेशेवर जिम्मेदारी का उच्चतम स्तर अपेक्षित होता है। इस घटना को संघ ने "गंभीर लापरवाही और नियम उल्लंघन" माना है।
अब आगे क्या होगा
अमन सहरावत भारतीय कुश्ती के सबसे होनहार युवा चेहरों में से एक माने जाते हैं। उनका यह निलंबन निश्चित रूप से भारतीय कुश्ती के लिए झटका है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि यह समय अमन के लिए मानसिक मजबूती और फिटनेस पर दोबारा फोकस करने का अवसर बन सकता है।
अगर वह इस गलती से सबक लेकर वापसी करते हैं, तो आने वाले वर्षों में भारतीय कुश्ती को फिर से गौरवान्वित कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications