स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले खेल जगत में पसरा मातम, दिग्गज भारतीय खिलाड़ी के पिता का निधन
Leander Paes Father Passed Away: स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले खेल जगत के लिए एक दुःखद खबर आई है। टेनिस में ओलंपिक मेडलिस्ट दिग्गज भारतीय खिलाड़ी लिएंडर पेस के पिता डॉक्टर वेसे पेस का निधन हो गया है। वह 80 साल के थे। वेसे पेस खुद भारत के हॉकी खिलाड़ी रहे हैं।
उनको खेल और स्पोर्ट्स मेडिसिन दोनों के लिए जाना जाता है। वेसे पेस साल 1972 के म्यूनिख ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम में थे, उस समय टीम ने कांस्य पदक हासिल किया था। उनका जन्म गोवा में हुआ था और हॉकी में उनको डिफेंस के लिए जाना जाता था।

लिएंडर पेस के पिता रिटायरमेंट के बाद स्पोर्ट्स फिजिशियन बन गए। इस दौरान उन्होंने टीमों को अपनी सेवाएं दी और व्यक्तिगत रूप से भी एथलीटों की मदद की। उनके निधन के बाद खेल समुदाय की तरफ से दुःख जताया गया है। लिएंडर पेस को उच्च स्तर का खिलाड़ी बनाने के लिए भी उनके पिता को क्रेडिट दिया जाता है।
वेसे पेस लम्बे समय तक कोलकाता में रहे हैं, करियर बनाने के बाद परिवार भी वहां बसाया था. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने लिखा कि डॉ. वेसे पेस के निधन से दुःखी हूँ, जो 1972 के ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली टीम के सदस्य थे। हॉकी और स्पोर्ट्स मेडिसिन के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार, विशेष रूप से लिएंडर, उनके मित्रों और कोलकाता के उन सभी क्लबों के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदनाएँ, जिनसे वे जुड़े हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications