मैदान पर टक्कर के बाद फुटबॉलर की दर्दनाक मौत, कौन था 30 साल का होनहार खिलाड़ी?
फुटबॉल के मैदान पर खिलाड़ी हर मुकाबले में जीत के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक देते हैं। गेंद पर कब्जा जमाने की कोशिश हो या गोल करने का मौका, खेल के दौरान कई बार ऐसी टक्कर हो जाती है, जो खिलाड़ियों को चोटिल कर देती है। स्पेन से सामने आई एक घटना ने पूरे फुटबॉल जगत को झकझोर कर रख दिया है। एक मुकाबले के दौरान हुई टक्कर के बाद खिलाड़ी की मौत हो गई।
इस घटना में जान गंवाने वाले खिलाड़ी का नाम जीसस डी मिगुएल अलामेडा था। वह स्पेन के क्लब सीडी टेनेरिफ के लिए खेलते थे। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद स्पेन के कई बड़े फुटबॉल क्लबों और खिलाड़ियों ने शोक जताया है।

कौन थे जीसस डी मिगुएल?
जीसस डी मिगुएल का जन्म 21 सितंबर 1996 को स्पेन के मैड्रिड में हुआ था। उन्होंने साल 2015 में लेगानेस बी के साथ अपने सीनियर फुटबॉल करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने इंटरनासियोनल मैड्रिड, फुएनलाब्राडा, यूनियन आदार्वे, नवालकारनेरो और यूनियोनिस्तास डी सलामांका जैसे क्लबों का प्रतिनिधित्व किया।
जनवरी 2023 में वह सीडी कास्टेलॉन से जुड़े। इस क्लब के साथ उन्होंने स्पेन के दूसरे डिवीजन में प्रमोशन हासिल करने में भी योगदान दिया। इसके बाद 2025 में उन्होंने सीडी टेनेरिफ का दामन थामा। वह क्लब के लिए पिछले सीजन में 11 गोल करने में सफल रहे थे। महज 30 साल की उम्र में उनका इस तरह जाना स्पेनिश फुटबॉल के लिए बड़ा झटका है।
गोलकीपर से टक्कर के बाद मैदान पर गिर पड़े थे खिलाड़ी
यह दर्दनाक हादसा सोमवार को टेनेरिफ और एफसी अंडोरा के बीच खेले गए स्पेन के दूसरे डिवीजन के मुकाबले में हुआ। मैच के आखिरी पलों में डी मिगुएल गेंद की ओर बढ़ रहे थे, तभी अंडोरा के गोलकीपर जीसस ओवोनो गोल से बाहर निकलकर गेंद को रोकने पहुंचे। इसी दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। गोलकीपर का घुटना डी मिगुएल की छाती से टकराया था।
टक्कर के बाद डी मिगुएल मैदान पर गिर पड़े और उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता दी गई। मेडिकल टीम ने कई मिनट तक मैदान पर उनका इलाज किया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद मुकाबला 2-2 के स्कोर पर रोक दिया गया और गोलकीपर ओवोनो को रेड कार्ड दिखाया गया।
अस्पताल में तोड़ा दम, फुटबॉल जगत ने जताया दुख
डी मिगुएल को इस हादसे के बाद दिल का दौरा पड़ा था। उन्हें अस्पताल की ICU में भर्ती कराया गया। शुरुआत में क्लब ने उनकी स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई थी, हालांकि बाद में उनकी हालत बिगड़ गई। मंगलवार को सीडी टेनेरिफ ने उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की।
इस खबर के बाद रियल मैड्रिड, बार्सिलोना और दूसरे स्पेनिश क्लबों ने भी शोक संदेश जारी किए। रियल मैड्रिड ने उनके परिवार, साथियों और क्लब के प्रति संवेदना व्यक्त की। स्पेनिश फुटबॉल महासंघ ने भी दुख जताया और सम्मान के तौर पर मंगलवार को होने वाले कई मुकाबलों को स्थगित कर दिया।


Click it and Unblock the Notifications
