Paris Olympics: भारतीय पुरुष आर्चरी टीम ने किया निराश, तुर्की के सामने क्वार्टर फाइनल में मिली हार
Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक में भारतीय पुरुष तीरंदाजी टीम ने भी निराश किया। इस टीम में धीरज बोम्मादेवरा, तरुणदीप राय और प्रवीण जाधव थे। तुर्की के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच में भारतीय टीम उम्मीद के अनुरूप प्रदर्शन करने में सफल नहीं हुई और हार गई।
तुर्की ने भारतीय टीम को कोई मौका नहीं देते हुए 6-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। तीनों तीरंदाजों का व्यक्तिगत प्रदर्शन देखा जाए, तो धीरज ने सबसे ज्यादा निराश किया। उनके दो शॉट 7 पॉइंट के आए और इसका नुकसान भी भारत को हुआ। उन्होंने कुल 69 अंक हासिल किये।

प्रवीण जाधव के निशाने सटीक थे, उन्होंने कुल 75 अंक जुटाए। उनके अलावा तरुणदीप राय ने कुल 70 अंक हासिल किये। तुर्की ने शुरुआत में ही 4-0 से बढ़त हासिल कर ली थी, इसका दबाव भारतीय टीम के ऊपर साफ़ तौर पर दिखा और प्रदर्शन भी खराब रहा। जीत दर्ज करने के साथ ही तुर्की ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
इससे पहले महिला टीम का प्रदर्शन भी कुछ इसी तरह का रहा था। महिला टीम भी क्वार्टर फाइनल में हार गई थी। महिला टीम में दीपिका कुमारी, अंकिता भकत और भजन कौर थीं। इस तरह भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमों का प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा।












Click it and Unblock the Notifications