एशिया कप से पहले बड़ी तैयारी, ऑस्ट्रेलिया रवाना होगी भारतीय टीम, स्कॉड का हुआ ऐलान
Indian Hockey Team: हॉकी इंडिया ने आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए 24 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम का ऐलान कर दिया है। यह दौरा 15 से 21 अगस्त तक पर्थ में खेला जाएगा और इसमें भारत चार मैच खेलेगा। यह सीरीज एशिया कप 2025 की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है, जो 29 अगस्त से बिहार के राजगीर में आयोजित किया जाएगा। एशिया कप वर्ल्ड कप क्वालिफायर भी है, जिससे इसकी अहमियत और बढ़ जाती है।
टीम की कप्तानी अनुभवी डिफेंडर और स्टार ड्रैगफ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को सौंपी गई है। कृष्ण बी पाठक और सूरज करकेरा बतौर गोलकीपर टीम में शामिल हैं।

डिफेंस लाइन में कप्तान हरमनप्रीत के अलावा सुमित, जर्मनप्रीत सिंह, संजय, अमित रोहिदास, नीलम संजीप जेस, जुगराज सिंह और कर्नाटक से नए शामिल हुए खिलाड़ी पुवन्ना सीबी होंगे।
मिडफील्ड की जिम्मेदारी मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, राज कुमार पाल, राजिंदर सिंह, रबिचंद्र सिंह मोइरांगथेम और विष्णु कांत सिंह को दी गई है। खास बात यह है कि राजिंदर सिंह को पूर्व कप्तान सरदार सिंह के जैसे खेल के लिए जाना जाता है।
फॉरवर्ड लाइन में मंदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, दिलप्रीत सिंह, सेल्वम कार्थी और आदित्य लालगे को जगह मिली है।
मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, "ऑस्ट्रेलिया दौरा हमारी तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां हमें मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा, जिससे खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, फिटनेस और संयोजन को बेहतर किया जा सकेगा।" उन्होंने आगे कहा कि युवा खिलाड़ियों को मौके देकर भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार करना टीम का लक्ष्य है। टीम इस समय बेंगलुरु के SAI केंद्र में अभ्यास कर रही है और 8 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया रवाना होगी।
ऑस्ट्रेलिया की टीम क्रिकेट की तरह हॉकी में भी काफी मजबूत मानी जाती है, ऐसे में भारतीय टीम के लिए वहां जाकर धमाका करना आसान नहीं होने वाला है। देखना होगा कि दोनों टीमों के बीच टक्कर कितनी तगड़ी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications