ओलंपिक से बाहर हुईं विनेश के लिए अभिनव बिंद्रा की पोस्ट ने जीत लिया दिल, जानें खेल जगत से किसने क्या कहा?
Vinesh Phogat Disqualification: पेरिस ओलंपिक में भारत को उस समय भारी और असहनीय निराशा का सामना करना पड़ा, जब विनेश फोगट को 50 किलोग्राम महिला कुश्ती के फाइनल से अयोग्य घोषित कर दिया गया। विनेश के बाहर होने के बाद ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता अभिनव बिंद्रा ने एक्स पर फोगट के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया है।
'चैंपियन होने के लिए गोल्ड मेडल की आवश्यकता नहीं'
अभिनव बिंद्रा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, 'पूरी तरह से निराश। कभी-कभी लोगों के लिए एक सच्चे चैंपियन होने के लिए आपको गोल्ड मेडल की आवश्यकता नहीं होती।'

बॉक्सर विजेंदर ने कहा- विनेश को सिल्वर तो मिलना ही चाहिए था
बॉक्सर विजेंदर सिंह ने कहा, 'विनेश को सिल्वर तो मिलना ही चाहिए था, कुछ न कुछ तो गड़बड़ है, बहुत दुख हुआ। इस तरह किसी खिलाड़ी को ओलंपिक से बाहर करना ठीक नहीं है।
पहलवान बजरंग पुनिया ने कही ये बात
पहलवान बजरंग पुनिया ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि, 'विनेश तुम हिम्मत और नैतिकता की गोल्ड मेडलिस्ट हो, माटी की बेटी हो इसलिए ये मेडल भी माटी का है। बहुत हौसले से लड़ी हो। कल जब खेलने से पहले ओलंपिक ऑफिशियल्स ने आपका वजन लिया तो आपका वजन एकदम परफेक्ट था। आज सुबह जो हुआ उसपर कोई यकीन नहीं करना चाहता।
पुनिया ने आगे कहा कि, '100 ग्राम. यकीन ही नहीं हो रहा कि यह तुम्हारे साथ हुआ है। पूरा देश आसूं नहीं रोक पा रहा है। सब देशों के ओलंपिक मेडल एक तरफ और आपका मेडल एक तरफ। दुनिया का हर इंसान आपके लिए दुआ कर रहा था। दुनिया की हर महिला को यह मेडल पर्सनल मेडल जैसा लग रहा था। काश दुनिया की सब महिलाओं की ये आवाजें सही जगह पहुंच पाएं। उम्मीद करता हूं कि ओलंपिक खेल रहीं दुनिया की सभी महिला पहलवान विनेश के साथ सॉलीडेरिटी में खड़ी होंगी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने विनेश को दी सांत्वना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अयोग्य घोषित होने के बाद विनेश को सांत्वना देने के लिए संपर्क किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'विनेश, आप चैंपियनों में चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। आज की असफलता दुख देती है।'
'चुनौतियों का सामना करना आपके स्वभाव में रहा है'
पीएम मोदी ने आगे लिखा, 'मैं चाहता हूं कि मैं शब्दों में उस निराशा को व्यक्त कर सकूं जो मैं अनुभव कर रहा हूं। साथ ही, मैं जानता हूं कि आप फिर वापसी करोगी। चुनौतियों का सामना करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है। और मजबूत होकर वापस आएं! हम सभी आपके लिए प्रार्थना कर रहे हैं।'
दरअसल, विनेश को गोल्ड मेडल के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका की सारा एन हिल्डेब्रांट से मुकाबला करना था। लेकिन रात भर उनकी टीम के प्रयासों के बावजूद उनका वजन 50 किलोग्राम की सीमा से थोड़ा अधिक होने के कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया।
इससे पहले विनेश ने मंगलवार रात को हुए सेमीफाइनल में क्यूबा की युस्नेलिस गुजमान लोपेज को 5-0 के स्कोर से हराकर स्वर्ण पदक मुकाबले में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया था। यह घटना ओलंपिक में भारत के लिए एक बड़ा झटका है, लेकिन बिंद्रा और प्रधानमंत्री मोदी दोनों ने विनेश की दृढ़ता पर प्रकाश डाला है और उसे और मजबूत होकर वापसी करने के लिए प्रोत्साहित किया है।












Click it and Unblock the Notifications