Pro Kabaddi League: कौन है जयपुर पिंक पैंथर्स का नया कप्तान? विपक्षी टीम को रौंद डालता है यह खिलाड़ी
Pro Kabaddi League: जयपुर पिंक पैंथर्स ने प्रो कबड्डी लीग के सीजन 12 के लिए नितिन रावल को कप्तान और रेज़ा मिरबाघेरी को उप-कप्तान घोषित किया है। नितिन ने सीजन 5 में न्यू यंग प्लेयर के रूप में पिंक पैंथर्स से जुड़कर अपनी पीकेएल यात्रा शुरू की थी। वह सीजन 8 तक टीम के साथ रहे और इस साल फिर से टीम में शामिल हुए हैं। अब वे एक अनुभवी और भरोसेमंद ऑलराउंडर बन चुके हैं, जो युवा टीम के लिए नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए उपयुक्त हैं।
रेज़ा मिरबाघेरी, जो सीजन 9 में टीम से जुड़े थे और उसी साल चैंपियनशिप जीती गई थी, इस बार उप-कप्तान के रूप में टीम की कमान संभालेंगे। वे डिफेंस के प्रमुख स्तंभ हैं और अपनी लगातार मेहनत और रणनीतिक समझ के लिए जाने जाते हैं।

नितिन और रेज़ा का नेतृत्व, हेड कोच नरेंद्र रेडू के मार्गदर्शन में, टीम को मजबूती देगा। देहरादून में कड़े प्रशिक्षण के बाद टीम अब 2 सितंबर 2025 को विशाखापट्टनम में पटना पाइरेट्स के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी।
नितिन रावल ने कहा "पीकेएल की शुरुआत यहीं से हुई थी, और अब कप्तानी करना मेरे लिए गर्व की बात है। हमारी टीम युवा और उत्साही है, हम अपने फैंस को खुश करने की पूरी कोशिश करेंगे।"
रेज़ा मिरबाघेरी ने कहा "जयपुर पिंक पैंथर्स मेरा घर है, और उप-कप्तान बनना सम्मान की बात है। मैं पूरी टीम के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार हूं।"
नितिन को लेकर हेड कोच नरेंद्र रेडू ने कहा "नितिन और रेज़ा दोनों टीम के लिए जरूरी संतुलन और ऊर्जा लेकर आते हैं, जो सफल सीजन के लिए जरूरी है।"
नितिन रेडिंग और टैकल दोनों में धमाल मचाते हैं। 100 से ज्यादा मैच अब तक वह खेल चुके हैं और 200 से ज्यादा रेड पॉइंट्स हासिल किये हैं। इसके अलावा उनके नाम 150 टैकल पॉइंट्स भी हैं। इस बार वह कप्तानी मिलने पर दोहरी भूमिका में होंगे।












Click it and Unblock the Notifications