PKL 2022: स्टीलर्स को पीटकर टॉप 4 में पहुंची तमिल थलाइवाज, हरियाणा को मिली चौथी हार

नई दिल्ली। प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के आठवें सीजन में सोमवार को हरियाणा स्टीलर्स की टीम सीजन का अपना 8वां मैच खेलने उतरी जहां पर उसका सामना तमिल थलाइवाज की टीम से हुआ। बेंगलुरु में खेले गये इस मैच में तमिल थलाइवाज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा स्टीलर्स को 45-26 से हराकर अंकतालिका में चौथे पायदान पर कब्जा जमा लिया है। हरियाणा स्टीलर्स की टीम के लिये यह इस सीजन की चौथी हार है, जबकि उसे सिर्फ 3 मैचों में ही जीत मिली है, वहीं एक मैच में ड्रॉ का सामना भी करना पड़ा है। हरियाणा स्टीलर्स की टीम फिलहाल 20 अंक के साथ अंकतालिका में 7वें पायदान पर खिसक गई है।
वहीं तमिल थलाइवाज की टीम ने 8 मैचों में अपनी तीसरी ही जीत हासिल की है, जबकि 4 मैचों में ड्रॉ का सामना करना पड़ा है। तमिल थलाइवाज की टीम को अब तक सिर्फ एक ही मैच में हार मिली है, जिसकी वजह से उसके खाते में 27 अंक हो गये हैं और वो चौथे पायदान पर काबिज है। अंकतालिका में फिलहाल दबंग दिल्ली की टीम 7 मैचों में 5 जीत के साथ 31 अंक हासिल कर सबसे ऊपर काबिज है। दिल्ली की टीम ने एक भी मैच नहीं हारा है और बचे हुए 2 मैचों में ड्रॉ का सामना किया है जिसकी वजह से वह सबसे ऊपर काबिज है।
तमिल थलाइवाज की टीम ने इस मुकाबले में अच्छी शुरुआत की और शुरुआती मिनटों में ही 4-2 की लीड बना ली। इसके बाद छठे मिनट में थलाइवाज ने विरोधी टीम को ऑल आउट करके 7 पॉइंट की बढ़त बना ली और उसका स्कोर 9-2 का हो गया। स्टीलर्स ने हालांकि शानदार टैकल करके दोनों टीमों के बीच के फासले कम कर दिया। लेकिन तमिल ने पॉइंट लेना जारी रखा। हरियाणा ने हालांकि अपना संघर्ष जारी रखा। इसके बाद तमिल ने शानदार रेड और टैकल के जरिए अपनी बढ़त को कायम रखा। 12वें मिनट में थलाइवाज ने एक बार फिर विरोधी टीम को ऑल आउट देकर 14 पॉइंट की लीड बना ली और उसका स्कोर 20-6 का हो गया। विकाश कंडोला ने 15वें मिनट में बेहतरीन रेड की और इसके बाद स्टीलर्स ने शानदार टैकल करके तमिल थलाइवाज के स्कोर के करीब आने की कोशिश की।
हरियाणा स्टीलर्स की टीम ने अपना संघर्ष जारी रखा और विरोधी टीम को 17वें मिनट में ऑल आउट दे दिया। लेकिन तमिल ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए स्कोर 20-15 कर दिया। पहले हाफ के अंतिम मिनटों में तमिल की टीम ने शानदार रेड और दो टैकल करके अपनी लीड को बनाए रखा। इसके बाद तमिल थलाइवाज ने पहले हाफ की समाप्ति तक अपना स्कोर 24-18 रखा।
और पढ़ें: जानें किसे मिला है 2021 का आखिरी प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड, ICC ने जारी किया विजेता का नाम
तमिल की टीम ने दूसरे हाफ के शुरुआती मिनटों में विपक्षी टीम को ऑल आउट करके 29-18 के स्कोर के साथ 11 अंकों की बढ़त ले ली। हरियाणा स्टीलर्स ने रेड पॉइंट लेकर मुकाबले में बने रहने की कोशिश की। हालांकि, थलाइवाज ने लगातार अंक लेकर अपनी बढ़त को कायम रखा। हरियाणा ने 30वें मिनट में सुपर टैकल किया, लेकिन थलाइवाज ने 35-23 का स्कोर कर लिया। तमिल की टीम ने 34वें मिनट में एक और ऑल आउट देकर 41-23 का स्कोर कर लिया और 18 अंकों की शानदार बढ़त बना ली। तमिल थलाइवाज ने आगे भी अपनी लय कायम रखते हुए अंतिम सीटी बजने तक 45-26 के स्कोर के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications