PKL 2022 : सीजन के 100वें मैच को जीतकर टाॅप-6 में पहुंचा जयपुर, गुजरात को 5 अंक से हराया
बेंगलुरु: पहले सीजन की चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स ने सोमवार को शेराटन ग्रैंड, व्हाइटफील्ड होटल एवं कन्वेंशन सेंटर में खेले गए वीवो प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के आठवें सीजन के 100वें मैच में गुजरात जाएंट्स को 36-31 से हराया और शीर्ष-6 में पहुंचकर प्लाआफ खेलने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा। जयपुर की टीम 8वीं जीत के साथ 12 टीमों की तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। गुजरात को आठवीं हार मिली है। वह 9वें स्थान पर है। जयपुर की जीत में दिग्गज दीपक हुड्डा (11 अंक), अर्जुन देसवाल (7) के अलावा डिफेंस में संदीप ढुल (4), दीपक सिंह (3) और विशाल (3) का अहम योगदान रहा। गुजरात के लिए राकेश नरवाल ने सबसे अधिक 8 अंक लिए।

दीपक ने पहली ही रेड पर डुबकी लगाकर दो अंक हासिल किए लेकिन तीसरे मिनट में राकेश नरवाल ने उन्हें टो टच कर स्कोर 3-2 कर दिया। सातवें मिनट में अजय ने बोनस के साथ एक अंक लेकर स्कोर 5-6 किया और आलआउट भी बचाया। अजय ने फिर एक अंक लेकर स्कोर बराबर कर दिया। डू ओर डाई रेड पर दीपक गए और परवेश भैंसवाल का शिकार कर लिया। राकेश ने हालांकि दो अंकों के साथ स्कोर 8-8 कर दिया। जयपुर ने फिर लगातार तीन अंकों के साथ 3 की लीड ले ली। 14वें मिनट में गुजरात के लिए सुपर टैकल आन था लेकिन साहुल ने राकेश खिलाफ गलती कर अंक दे दिया। जयपुर ने फिर राकेश को लपक स्कोर 13-10 कर दिया। अब गुजरात के लिए फिर सुपर टैकल आन था।
परवेश ने देसवाल का शिकार कर स्कोर 12-13 कर दिया। दीपक सिंह ने अजय का शिकार कर लीड 2 की कर दी। सुपर टैकल आन था। देसवाल गए और गिरीश को बाहर किया। फिर परदीप ने बोनस लिया लेकिन लपके गए। इसके बाद गुजरात को आलआउट कर जयपुर 19-13 हो गया। पहले हाफ में स्कोर 20-14 से जयपुर के फेवर में रहा। जयपुर ने अपने डिफेंस (8 अंक) के दम पर यह लीड ली है। 2 अंक उसे ऑलआउट का भी मिला है लेकिन 10 रेड अंकों के साथ वह गुजरात (11 रेड अंक) से पीछे रही। ब्रेक के बाद जयपुर ने लगातार छह अंक लेते हुए अपनी लीड 10 की कर ली। इसके बाद परवेश और राकेश ने एक के बाद एक दो सुपर टैकल को अंजाम दे स्कोर 20-25 कर दिया। इसी बीच परदीप ने संदीप ढुल को आउट कर स्कोर 21-25 कर दिया।
यह भी पढ़ें- गंभीर बीमारी से जूझ रहा देश का 'हीरो' लिंबा, नहीं भूल पाया हार का गम
गुजरात के डिफेंस ने डू ओर डाई रेड पर अमित नागर को लपक लिया। 10 मिनट बचे थे और जयपुर के पास अब भी तीन की लीड थी। गुजरात ने हालांकि 34वें मिनट में जयपुर को आलआउट कर 27-27 की बराबरी कर ली। बीते 10 मिनट में गुजरात ने 10 अंक लिए हैं। आलइन के बाद दोनों टीमों को एक-एक मिला। पांच मिनट बचे थे और स्कोर 28-28 था। जयपुर ने इसके बाद लगातार चार महत्वपूर्ण अंकों के साथ लीड 4 की कर ली। गुजरात के लिए सुपर टैकल आन था। दीपक हुड्डा डू ओर डाई रेड पर थे। उन्होंने परवेश का शिकार किया। लीड 5 की हो गई। डेढ़ मिनट बचे थे। परदीप डू ओर डाई रेड पर गए और दो अंक लेकर आए। स्कोर 30-33 हो गया था। संदीप ढुल ने हालांकि परदीप को टैकल कर लीड चार की कर दी। अब मैच जय़पुर की गिरफ्त में आ चुका था। हादी ने हालांकि अगली रेड पर ढुल को आउट किया। दीपक हुड्डा जयपुर के लिए अंतिम डू ओर डाई रेड पर गए और दो अंक लेकर ना सिर्फ अपना सुपर-10 पूरा बल्कि अपनी टीम को जीत के साथ शीर्ष-6 में पहुंचा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications