India vs Germany: भारत-जर्मनी के हॉकी मुकाबले में आज कौन जीता? दिल्ली में खेला गया मैच
India vs Germany Hockey: पेरिस ओलंपिक के बाद भारत और जर्मनी की हॉकी टीमों के बीच एक बार फिर से मुकाबला हुआ लेकिन भारतीय टीम ने निराश करने वाला प्रदर्शन किया है। दिल्ली के मेजर ध्यान चंद स्टेडियम में दो मैचों की द्विपक्षीय सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया।
जर्मनी ने इस मुकाबले में धमाल मचाते हुए टीम इंडिया को पराजित कर दिया। इस हार के साथ ही भारतीय टीम सीरीज में पिछड़ गई है। अगले मैच में भारत के लिए स्थिति करो या मरो वाली होगी। इस मैच में टीम इंडिया को गोल करने का मौका नहीं मिला और जर्मनी ने मैच 2-0 से अपने नाम कर लिया।

गेम शुरू होने के चार मिनट में ही जर्मनी ने अपने तेवर दिखा दिए थे। पहला गोल हेनरिक मर्टजेन्स की तरफ से आया। उन्होंने भारत के खराब डिफेंस का फायदा उठाते हुए शुरुआत में ही लीड हासिल कर ली और भारतीय टीम को पीछे छोड़ दिया।
इसके बाद पहले हाफ के अंतिम मिनट में जर्मन टीम की तरफ से एक और गोल देखने को मिला। जर्मन कप्तान लुकास विंडफेडर ने गेंद को फ्लिक कर दिया। भारत ने पीसी बचाया लेकिन गेंद उछलकर गोल पोस्ट में जा गिरी और जर्मनी ने बढ़त डबल कर ली। इससे भारत के ऊपर दबाव बढ़ गया।
इसके बाद जर्मनी के डिफेंस ने अपना काम बखूबी किया और भारत के हमलों को नाकाम भी किया। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने कोई गोल नहीं किया और जर्मनी ने यह मैच आसानी से अपने नाम कर लिया। पिछले तीन महीनों में भारत को जर्मनी ने दूसरी बार हराया है। पेरिस ओलंपिक के सेमीफाइनल में भी टीम इंडिया की हार हुई थी। दोनों टीमों के बीच 24 अक्टूबर को भी एक मैच खेला जाएगा।
टीम इंडिया को जीत मिलने की कामना फैन्स कर रहे थे लेकिन उनको भी निराश होकर लौटना पड़ा है। हालांकि सीरीज बराबरी पर समाप्त करने का मौका भारतीय टीम के पास है।












Click it and Unblock the Notifications