हॉकी वर्ल्ड कप 2023: भारत के मिडफील्डर हार्दिक सिंह की चोट है गंभीर, MRI स्कैन के बाद आगे खेलने पर होगा फैसला
भारत के मिडफील्डर हार्दिक सिंह इंग्लैंड के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हुए थे। उन्हें हैमस्ट्रिंग की दिक्कत है। मंगलवार को उनका MRI स्कैन कराने का फैसला किया गया है। आगे खेलने पर फैसला रिपोर्ट के बाद होगा।

हॉकी वर्ल्ड कप में अभी तक शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लग गया है। दरअसल, टीम के मिडफील्डर हार्दिक सिंह की हैमस्ट्रिंग चोट काफी सीरियस निकली है। मंगलवार को उनकी चोट का MRI स्कैन कराने का फैसला किया गया है। हार्दिक सिंह का MRI भुवनेश्वर में होगा। आपको बता दें कि हार्दिक सिंह 15 जनवरी को विश्व कप के पूल डी मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ चोटिल हो गए थे। मैच के दौरान उनके पैर में चोट लगी थी, जिसकी वजह से उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ मैच से बाहर कर दिया गया था।
MRI स्कैन के बाद हार्दिक के खेलने पर होगा फैसला
हार्दिक सिंह को लेकर अभी आगे का अपडेट MRI स्कैन की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि हार्दिक सिंह अब ग्रुप मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। 19 जनवरी को वेल्स के खिलाफ होने वाले मैच में भी उनका खेलना काफी मुश्किल है। भारत का आखिरी ग्रुप मैच वेल्स के खिलाफ ही है। इससे पहले भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ ड्रॉ खेला था और स्पेन के खिलाफ 2-0 से जीत हासिल की थी।
भारत ने अभी हार्दिक का नहीं मांगा है विकल्प
इंग्लैंड के खिलाफ हार्दिक को चौथे क्वार्टर के अंतिम मिनटों में चोट लगी थी। उन्हें दाहिनी हैमस्ट्रिंग में दिक्कत हुई थी। हार्दिक सिंह के चोटिल होने के बाद भारत ने अभी तक FIH से हार्दिक सिंह के विकल्प की मांग नहीं की है। इससे पहले भारतीय कोच ग्राहम रीड ने हार्दिक की चोट को लेकर कहा था, 'जब वह मैदान से बाहर गया तो बहुत बुरा लग रहा था। मुझे अपडेट किया गया है कि यह उतना बुरा नहीं है जितना हमने मूल रूप से सोचा था। हमारे पास उस पर अपडेट होगा।"












Click it and Unblock the Notifications