Hockey India Asia Cup: पहली बार महिला जूनियर टीम को पहला एशिया कप, कोरिया को 2-1 से हराया
Hockey India Asia Cup: पहली बार महिला जूनियर टीम ने एशिया कप का फाइनल मुकाबला जीता। युवा इंडियन टीम ने कोरियाई टीम को 2-1 से हराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुकाबले में जीत की बधाई दी है।
Hockey India Asia Cup: भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम जूनियर एशिया कप 2023 की चैंपियंस के रूप में उभरी। फाइनल मैच में टीम इंडिया ने कोरिया को 2-1 के स्कोर से हराया। फाइनल मुकाबला जापान के गिफू प्रीफेक्चर के काकामीगहारा में आयोजित किया गया।
हॉकी इंडिया ने बताया कि फाइनल मैच में टीम इंडिया की तरफ से अन्नू ने 22वें और नीलम ने 41 वें मिनट में गोल दागे। टीम ने सामूहिक प्रयास का शानदार प्रदर्शन किया। डिफेंस में भी टीम इंडिया कोरिया से बेहतर रही। 60 मिनट के फाइनल मैच में इंडिया की युवा टीम ने शानदार जीत हासिल की।

भारत ने पहली बार महिला जूनियर एशिया कप जीता। टीम के असाधारण प्रदर्शन का अंदाजा इसी से होता है कि पूरे टूर्नामेंट में इंडिया अपराजित रही। इसी के साथ भारत को चिली में FIH महिला जूनियर विश्व कप 2023 में भी जगह बनाने में कामयाबी मिली।
हॉकी इंडिया के कार्यकारी बोर्ड ने देश को गौरवान्वित करने के लिए हर खिलाड़ी को 2.00 लाख रुपये का नकद पुरस्कार घोषित किया है। प्रत्येक सहायक स्टाफ को एक लाख रुपये प्राप्त होंगे।
टीम इंडिया की जीत पर पीएम ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम की इस परफॉर्मेंस पर बधाई दी। उन्होंने कहा, महिला हॉकी जूनियर एशिया कप 2023 जीतने पर हमारे युवा चैंपियनों को बधाई! टीम ने अपार दृढ़ता, प्रतिभा और टीम वर्क दिखाया है। उन्होंने हमारे देश को बहुत गौरवान्वित किया है। उनके आगे के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी जूनियर टीम की एशिया कप वाली कामयाबी पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवाओं की स्किल, टीम वर्क और दृढ़ निश्चय से पूरा देश गौरवान्वित है। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
भारत ने खेल के शुरुआती मिनट में पेनल्टी कार्नर जीतकर आक्रामक शुरुआत की, लेकिन वे इसे भुनाने में नाकाम रहे। कोरिया ने जवाबी हमला किया और उन्होंने भी शुरुआती पेनल्टी कार्नर भी जीता। हालांकि, कोरियन अटैक मजबूत डिफेंस लाइन को भेदने में नाकाम रही। पहला क्वार्टर गोलरहित समाप्त हुआ।
कोरिया दूसरे क्वार्टर में भी आक्रामक अटैक करता रहा। भारत बैकफुट पर दिखा। कोरियाई टीम ने कुछ पेनल्टी कार्नर अर्जित किए, लेकिन भारतीय डिफेंस मजबूती से डटा रहा। इसी हाफ में 22वें मिनट में भारत ने अटैक किया और अन्नू ने कोरियन डिफेंस को भेदते हुए पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया। पिछड़ते ही कोरियाई टीम दबाव में दिखी।
पलटवार करते हुए कोरियाई खिलाड़ी सियोन पार्क 25वें मिनट में डी के अंदर आकर कमाल का शॉट लगाकर कोरिया के लिए बराबरी का गोल दागा। हाफ टाइम तक स्कोर 1-1 पर रहा।
सेकेंड हाफ में भारतीय टीम ने जवाबी हमला किया। नीलम ने 41वें मिनट में शानदार ढंग से पेनल्टी कार्नर पर गोल किया और भारत को 2-1 से लीड दिलाई। तीसरे क्वार्टर में कोरियन टीम गोल नहीं कर सकी।
भारत ने चौथे क्वार्टर में गेंद पर कंट्रोल करने पर फोकस किया। कोरियाई टीम ने गोल बराबर करने की हताशा में लगातार गलतियां कीं। भारत मजबूती से बचाव करता रहा और फुट टाइम का हूटर बजने तक स्कोर 2-1 रहा।
फाइनल के बारे में भारतीय जूनियर महिला टीम की कप्तान प्रीति ने कहा, "राउंड-रॉबिन स्टेज में कोरियाई टीम के साथ 1-1 का ड्रॉ मैच खेलने के बाद, हमें कुछ चीजों के बारे में गहराई से पता था, कोरिया पर काबू पाने के लिए इंडिया ने उन चीजों पर काम किया।
फाइनल मैच में नर्वसनेस के बावजूद हम जानते थे कि एक टीम के रूप में हमें खास मुकाम हासिल करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ खेल खेलना होगा। हमने अपना 100 फीसद दिया। जीत के बाद हम अपने देश को गौरवान्वित कर उत्साहित हैं।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने बधाई दी और शानदार कामयाबी के लिए भारतीय जूनियर महिला टीम की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, "हम बहुत गर्व से भर गए हैं। भारतीय जूनियर महिला टीम ने अपना पहला जूनियर एशिया कप जीत लिया है।
प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के साथ युवा टीम का असाधारण प्रदर्शन इस साल के अंत में जूनियर विश्व कप में मिलने वाली चुनौती के दौरान एक मजबूत नींव के रूप में काम करेगा। डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा, पूरी टीम और समर्पित सहायक कर्मचारियों को उनके अटूट प्रयासों के लिए हार्दिक बधाई।
इसके अलावा, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी टीम इंडिया को उनके विजयी अभियान के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, प्रत्येक मैच में, टीम ने लगातार उल्लेखनीय चरित्र का प्रदर्शन किया और खेल की सच्ची भावना को अपनाया।
उन्होंने कहा, जूनियर एशिया कप में टीम की निरंतर जीत से पता चलता है कि भारत में हॉकी का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।












Click it and Unblock the Notifications