IND vs PAK: भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंदा, 4-0 से हराकर एशियन चैम्पियनशिप से बाहर किया
Asian Championship Trophy, IND vs PAK: चेन्नई में एशियन हॉकी चैम्पियनशिप में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम धमाका करने में सफल रही है। टीम इंडिया ने एक के बाद एक पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए पाकिस्तानी टीम को पछाड़ने में कमी नहीं छोड़ी और 4-0 से मैच जीतकर पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
पहला क्वार्टर भारतीय टीम के नाम रहा। भारतीय टीम के लिए गोल दागने में सफलता कप्तान हरमनप्रीत सिंह को मिली। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर का पूरा फायदा उठाया। मौके को भुनाते हुए हरमन ने गोल कर दिया और भारतीय टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। पहले हाफ में यही स्कोर रहा।

दूसरे क्वार्टर में भी कहानी वही रही। पाकिस्तान की तरफ से गलती हुई और भारतीय टीम को एक बार फिर से पेनल्टी कॉर्नर मिल गया। इस बार भी कप्तान हरमनप्रीत अपनी स्टिक के साथ इस मौके को भुनाने के लिए तैयार थे और गोल दागकर स्कोर डबल कर दिया। इस तरह पाकिस्तानी टीम पिछड़ गई।
भारत के लिए तीसरा गोल जुगराज सिंह ने किया। उन्होंने भी पेनल्टी कॉर्नर का लाभ उठाया और स्कोर कर दिया। पाकिस्तानी गोलकीपर का हाथ गेंद पर लगा था लेकिन वह इस शॉट को रोकने में नाकाम रहे। तीसरा क्वार्टर समाप्त होने तक स्कोर 3-0 था।
अंतिम समय में भारत की तरफ से मनदीप सिंह और आकाशदीप ने मिलकर पाकिस्तान के गोलकीपर को चकमा दिया और गेंद गोल पोस्ट में चली गई। इस तरह भारत ने 4-0 की बढ़त हासिल कर ली, अंत में इसी स्कोर के साथ मैच जीतकर भारत ने पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया। भारतीय टीम पहले ही टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में है।












Click it and Unblock the Notifications