भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री बने पिता, पत्नी सोनम ने दिया बेटे को जन्म
Sunil Chhetri becomes father: रक्षाबंधन भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री के घर में खुशियों की सौगात लेकर आई है। भारतीय कप्तान के घर बेटे का जन्म हुआ है। उनकी पत्नी सोनम भट्टाचार्य ने बेबी बॉय को जन्म दिया है। सुनील और उनकी पत्नी के अलावा फैन्स के लिए भी यह ख़ुशी की बात है।
जून में इंटरकॉन्टिनेटल कप के दौरान वानुअतु के खिलाफ गोल करने के बाद स्टाइल से बताया था कि उनकी पत्नी बच्चे को जन्म देने वाली है। सुनील छेत्री गोल करने के बाद दौड़कर टेक्निकल क्षेत्र की तरफ गए थे और पत्नी की तरफ देखकर बेबी बंप का इशारा किया था।

मैच के बाद इंटरव्यू के दौरान छेत्री ने कहा कि मेरी पत्नी बच्चे को जन्म देने वाली है और वह यही चाहती थी कि इसका ऐलान मैं इसी तरह के स्टाइल में करूँ। यह उसके और बच्चे के लिए था। मैं उम्मीद करता हूं कि हमें शुभकामनाएँ और दुआएं मिलेंगी।
छेत्री के लिए पिछला कुछ समय काफी अच्छा रहा है। भारत के लिए उन्होंने सैफ चैम्पियनशिप में जीत दर्ज की थी। इसके अलावा उन्होंने गोल्डन बूट और गोल्डन बॉल भी जीती थी। इसके बाद वह अपने परिवार के साथ ही रहे थे। छेत्री ने डूरंड कप में भी हिस्सा नहीं लिया था।
सितम्बर में थाईलैंड में होने वाले किंग्स कप से भी छेत्री को आराम दिया गया है। हेड कोच इगोर स्टिमेक ने उनको परिवार के साथ समय बिताने की अनुमति दी है। एशियाई खेलों से छेत्री टीम इंडिया के लिए वापसी कर सकते हैं। इन खेलों में वह टीम को 9 साल बाद लीड करने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications