मेसी का इंटर मियामी में भी धमाका, क्या एक बार फिर से मिल पाएगा बार्सिलोना के लिए खेलने का मौका?
Why Lionel Messi left Barcelona: लियोन मेसी ने इंटर मियामी में अपने नए फुटबॉल सफर की शानदार शुरुआत की है और वह इस साल क्लब के सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। वे जून में ही इस टीम से जुड़े थे। अर्जेंटीना के इस खिलाड़ी से उम्मीद थी कि वे फ्री एजेंट के रूप में पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) से निकलने के बाद अपने पूर्व क्लब FC बार्सिलोना में वापसी करेंगे।
हालांकि, बार्सिलोना की वित्तीय परेशानियों के चलते ऐसा नहीं हो सका। उन्हें सऊदी अरब के अल हिलाल के साथ भी बड़ी रकम में ट्रांसफर किए जाने की अटकलें थीं, लेकिन आखिरी बाजी अंततः इंटर मियामी के हाथ लगी।

मेसी पहली बार करियर में अमेरिकी क्लब के जुड़े हैं। उनको आज भी बार्सिलोना अकादमी का ही प्रोडेक्ट माना जाता है। अब क्लब ने ला लीगा के नियमों के कारण पैदा हुई वित्तीय और बाकी रुकावटों को मेसी के जाने का कारण बताया है। इस बीच, क्लब के अध्यक्ष जोन लापोर्टा ने भी पूर्व बोर्ड को क्लब को इस वित्तीय हालात में छोड़ने के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
ट्विच पर बात करते हुए, मेसी के अर्जेंटीना के साथी सर्जियो अगुएरो ने खुलासा किया कि अर्जेंटीना का ये स्टार कैसे पीएसजी जाने के लिए मजबूर हुआ। उन्होंने कहा, यह सबके लिए एक चौंका देने वाली बात थी। कोपा अमेरिका के दौरान, मेसी के कमरे में बार्सिलोना की जर्सी थी। हर तीसरे दिन वह (मेसी) मुझसे कहते थे, मुझे लगता है मेरे कॉन्ट्रैक्ट को रिन्यू कर दिया गया है। आधिकारिक घोषणा का इंतजार। लेकिन क्लब की ओर से कोई बात नहीं की गई।"
ये भी पढ़ें- '2011 की तरह फिर फाइनल में पहुंचेंगे', श्रीलंका का विश्व कप मिशन, वास ने दी सभी टीमों को चेतावनी
मेसी ने सोमवार को इंटर मियामी के लिए एफसी डलास के खिलाफ लीग कप मैच में गोल किए और टीम ने राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में 5-3 से पेनल्टी शूटआउट में जीत हासिल की। यह भी बताया जा रहा है कि उन्हें MLS के ऑफ-सीजन के दौरान बार्सिलोना को उधार दिया जा सकता है, लेकिन इसे इंटर मियामी के सह-मालिक जॉर्ज मास ने खारिज कर दिया है।
ऑफसाइड पॉडकास्ट में टेलर टवेलमैन के साथ बात करते हुए, मास ने कहा कि वे भी चाहते हैं मेसी अपने फैंस के सामने सही तरीके से गुडबॉय कहें। "लेकिन मेसी बार्सिलोना को लोन पर नहीं दिए जाएंगे। ऐसा नहीं होगा। हां, वह इसके हकदार हैं। और मैं अपनी पूरी ताकत से हर संभव प्रयास करूंगा कि वे अपने फैंस को वहां ढंग से विदाई दे पाएं, क्योंकि वह इसके हकदार हैं।"












Click it and Unblock the Notifications