BFC vs MBSG: फाइनल में होगा फुटबॉल का महामुकाबला! कब, कहां और कैसे लाइव देखें मोहन बागान vs बेंगलुरु मैच
ISL Final: इंडियन सुपर लीग 2024-25 का फाइनल अब बस एक कदम दूर है। शनिवार, 12 अप्रैल को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में मोहन बागान सुपर जायंट (Mohun Bagan Super Giant) और बेंगलुरु FC (Bengaluru FC) के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी।
यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों की भिड़ंत नहीं, बल्कि दो फूटबॉल कल्चर की टक्कर होगी- एक तरफ बंगाल का जुनून, दूसरी तरफ बेंगलुरु की प्लानिंग।

फाइनल कब और कहां देखें?
इस धमाकेदार मुकाबले की शुरुआत शनिवार शाम 7:30 बजे (IST) होगी। लाइव टेलीकास्ट Star Sports 3, Star Sports 3 HD, Sports 18 और Sports 18 HD पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
सीजन का अब तक का सफर
मोहन बागान ने इस सीजन में ISL लीग शील्ड जीतकर इतिहास रच दिया। ये पहली टीम बनी जिसने लगातार दो सीजन यह उपलब्धि हासिल की है। हालांकि सेमीफाइनल में जमशेदपुर FC ने उन्हें टेंशन में डाल दिया था, लेकिन पहले लेग की 2-1 की हार को उन्होंने पलट कर फाइनल का टिकट कटा लिया।
वहीं बेंगलुरु FC ने इस सीजन में तीसरा स्थान हासिल किया था और मुंबई सिटी को हराकर प्लेऑफ में एंट्री ली। सेमीफाइनल में FC गोवा के खिलाफ 3-2 की कुल बढ़त से उन्होंने फाइनल में जगह बनाई। खास बात ये रही कि कप्तान सुनील छेत्री ने इंजुरी टाइम में गोल करके टीम को जीत दिलाई।
स्टार खिलाड़ी
40 साल के सुनील छेत्री का फॉर्म जबरदस्त रहा है। इस सीजन उन्होंने 14 गोल दागे हैं, जो उनके करियर का ISL में संयुक्त सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। दूसरी ओर, मोहन बागान के लिए जैमी मैकलारेन ने अब तक 11 गोल किए हैं और वो टीम की उम्मीदों का केंद्र होंगे।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमें अब तक ISL में 11 बार भिड़ चुकी हैं, जिनमें से 8 मुकाबले मोहन बागान ने जीते हैं। बेंगलुरु FC सिर्फ दो बार जीत सका है। 2022-23 के फाइनल में भी बागान ने BFC को पेनल्टी शूटआउट में हराया था। इस सीजन दोनों के बीच बराबरी का मुकाबला रहा- एक मैच BFC ने 3-0 से जीता, तो दूसरा MBSG ने 1-0 से अपने नाम किया।












Click it and Unblock the Notifications