ISL 2022-23: बेंगलुरू के खिलाफ मुंबई सिटी एफसी का करो या मरो का मुकाबला
आईएसएल 2022-23 के फाइनल में जाने के लिए बेंगलुरु एफसी को रविवार को अपने घरेलू मैदान श्री कांतीरवा स्टेडियम में पहले सेमीफाइनल के दूसरे चरण में लीग शील्ड विजेता मुंबइ सिटी एफसी से मुकाबला करना है।

बेंगलुरू, 11 मार्च:बेंगलुरू एफसी हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 के फाइनल से मनमाफिक परिणाम की दूरी हैं और इसी को हासिल करने के लिए ब्लूज रविवार को अपने घरेलू मैदान श्री कांतीरवा स्टेडियम में पहले सेमीफाइनल के दूसरे चरण में लीग शील्ड विजेता मुम्बई सिटी एफसी से भिड़ेंगे। सुनील छेत्री ने मुम्बई में पहले चरण में मैच का एकमात्र गोल किया था, और ऐसे में ब्लूज को फाइनल में पहुंचने के लिए केवल हारने से बचने की जरूरत है जबकि आइलैंडर्स को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
बेंगलुरू को पिछले मंगलवार को मुम्बई सिटी एफसी के खिलाफ संघर्षपूर्ण जीत मिली थी। इसके साथ ही उसने हीरो आईएसएल में अपनी लगातार जीत के सिलसिले को दस मैचों तक पहुंचा दिया। यह मुम्बई सिटी एफसी के खिलाफ ब्लूज की लगातार दूसरी जीत भी थी।
एलेक्जेंडर जोवानोविक, संदेश झिंगन और ब्रूनो रामायर्स की तीन डिफेंडरों की रक्षापंक्ति ने पहले चरण के दौरान आइलैंडर्स की रिकॉर्ड-ब्रेकिंग अटैकिंग लाइन की धार को कुंद करके रखा था।
डिफेंसिव मिडफील्डर सुरेश वांगजम का प्रदर्शन अपने चरम पर था क्योंकि उन्होंने महत्वपूर्ण टैकल और इंटरसेप्शन किए, जबकि रोशन नाओरेम कॉर्नर के जरिये छेत्री के विजयी गोल की सहायता प्रदान करने से पहले बाएं फ्लैंक पर खतरनाक नजर आए। मुख्य कोच साइमन ग्रेसन मुम्बई में अपनी टीम के आत्मविश्वास से भरे प्रदर्शन से खुश थे और संभवत: दूसरे चरण में अपरिवर्तित एकादश को मैदान पर उतारेंगे जो उनके प्रतिद्वंद्वियों की धारा-प्रवाह शैली को थामेगी।
ब्लूज के मुख्य कोच साइमन ग्रेसन ने कहा, "हमें यह सुनिश्चित करना था कि हम दूसरे चरण के मुकाबले में बने रहें, जो हमने कर दिखाया है। हमने एक अच्छी टीम के खिलाफ खुद को फायदेमंद स्थिति पहुंचाया है। हमारा गेम प्लान बहुत ज्यादा नहीं बदलेगा।" उन्होंने कहा, "हम मुम्बई का सम्मान करते हैं क्योंकि उन्होंने इस सीजन में 54 गोल किए हैं। उनके पास लक्ष्य हैं, लेकिन हमारे पास बहुत विश्वास है और हम क्लीन शीट रख सकते हैं और गोल कर सकते हैं।"
मुम्बई सिटी एफसी पिछले महीने लगातार अपराजित रहते हुए लीग चरण समाप्त करने के बेहद करीब थी, लेकिन आइलैंडर्स के इस अभियान को बेंगलुरू एफसी ने समाप्त कर दिया गया था। तब से, आइलैंडर्स ने लगातार तीन मैच हारे हैं और इस दौरान वे केवल एक गोल दाग सके हैं।
मुख्य कोच डेस बकिंघम ने दूसरे दर्जे की टीम के साथ लीग चरण का समापन किया था लेकिन पहले चरण में अपनी सबसे मजबूत लाइनअप को मैदान पर उतारा था। हालांकि, मैच में 20 से अधिक शॉट लगाने के बावजूद मुम्बई सिटी एफसी अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम को बहुत अधिक परेशान नहीं कर पाई।
पूरे सीजन में, मुम्बई सिटी एफसी ने दोनों फ्लैंक से विरोधी टीमों को परेशान परेशान रखा, लेकिन बिपिन सिंह और लल्लिंजुआला छांगटे की विंगर जोड़ी को पहले चरण में अपेक्षाकृत शांत रखा गया था। आइलैंडर्स को अपने दिग्गजों ग्रेग स्टीवर्ट, जॉर्ज पेरेरा डियाज और अहमद जाहौह से काफी उम्मीदें होंगी। वे इस तिकड़ी के जरिये इस बार बेंगलुरू एफसी की डिफेंस को परेशान करने की कोशिश करेंगे।
आइलैंडर्स के मुख्य कोच डेस बकिंघम ने कहा, "जब तक हमने सेट पीस पर गोल नहीं खाया था, तब तक मुकाबले पर हमारा नियंत्रण था। हमने गोल करने के कई मौके बनाए लेकिन हर बार लक्ष्य को भेदने में नाकाम रहे। हमारे पास ऐसे खिलाड़ियों का समूह है जो जानता है कि हमें क्या करने की जरूरत है।" उन्होंने कहा, "इस नॉकआउट फुटबॉल की खूबसूरती यह है कि यह आपको वो करने का एक और मौका देता है जो आप चाहते हैं। हम तैयार हैं और खिलाड़ी भी।"
13 हीरो आईएसएल मुकाबलों में दोनों पक्षों ने छह-छह मैच जीते हैं, और केवल एक मुकाबला ड्रा में समाप्त हुआ है। आइलैंडर्स को अपनी झोली में सातवीं जीत डालनी होगी अगर वे हीरो आईएसएल खिताब जीतकर लीग डबल करना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications