ISL 2022-23: ओडिशा एफसी की प्लेऑफ उम्मीदें बरकरार, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी पर को 3-1 से हराया

गुवाहाटी, 17 फरवरी: ओडिशा एफसी ने हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 में प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को कायम रखते हुए एफसी गोवा के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। जगरनॉट्स ने शुक्रवार को गुवाहाटी के इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में मेजबान नार्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 3-1 से हरा दिया। ओडिशा एफसी की जीत में विंगर नंदकुमार सेकर (36वें), स्थानापन्न स्पेनिश विंगर विक्टर रोड्रिग्ज (65वें) और ब्राजीली स्ट्राइकर डिएगो मौरिसियो (84वें मिनट में) ने गोल दागे। ओडिशा एफसी के स्पेनिश मिडफील्डर साऊल क्रेस्पो को मिडफील्ड में दबदबा भरा प्रदर्शन करने के लिए हीरो ऑफ द मैच घोषित किया गया।
आज की जीत के बाद मुख्य कोच जोसेप गोम्बाउ के जगरनॉट्स अंक तालिका में सातवें से पांचवें स्थान पर आ गए हैं। ओडिशा एफसी के 19 मैचों में 9 जीत, 3 ड्रा और 7 हार से 30 अंक हो गए हैं। वहीं, इस हार के बाद मुख्य कोच विन्सेंजो एनीस के हाईलैंडर्स सबसे अंतिम 11वें स्थान पर बने हुए हैं। नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के 19 मैचों में 1 जीत, 2 ड्रा और 16 हार से पांच अंक हैं।
मैच का पहला गोल 36वें मिनट में आया, जब विंगर नंदकुमार सेकर ने ओडिशा एफसी को बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। दाहिने फ्लैंक पर मिली फ्री-किक पर साहिल पंवार ने सीधे शॉट न खेलकर रेनियर फर्नांडेस के साथ वन-टू खेलने के बाद खुद ही निशाना लगाया लेकिन वो ब्लॉक हो गया। इसके बाद गेंद रेनियर के पास पहुंची, जिसे उन्होंने फिर से साहिल को दे दिया और उनके पास से गेंद नंदाकुमार तक पहुंची। फिर नंदाकुमार ने लगभग 25 गज की दूरी से करारा राइट फुटर शॉट दाहिने पोस्ट की ओर लगाया जबकि गोलकीपर अरिंदम भट्टाचार्य अपने बायीं तरफ डाइव लगाने के बावजूद गेंद को गोलजाल में जाने से नहीं रोक सके।
65वें मिनट में स्पेनिश विंगर विक्टर रोड्रिग्ज ने गोल करके ओडिशा एफसी की बढ़त को दोगुना करते हुए स्कोर 2-0 कर किया। स्पेनिश मिडफील्डर साऊल क्रेस्पो ने दाहिनी तरफ से बॉक्स के अंदर घुसने के बाद गेंद को विक्टर के लिए माइनस किया। इसके बाद स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरे विक्टर ने अपने लिए जगह बनाने के बाद करारा लेफ्ट फुटर शॉट लगाकर गोलजाल भेद डाला जबकि गोलकीपर अरिंदम भट्टाचार्य के पास गेंद को गोलजाल में जाने से रोकने का कोई मौका नहीं था।
84वें मिनट में ब्राजीली स्ट्राइकर डिएगो मौरिसियो ने पेनल्टी किक को गोल में तब्दील करके ओडिशा की बढ़त को 3-0 कर दिया। ओडिशा एफसी को यह अवसर 83वें मिनट में मिली जब स्पेनिश मिडफील्डर साऊल क्रेस्पो को अपने बॉक्स में ओडिशा के डिफेंडर लालडांमाविआ राल्टे ने गिरा दिया और रेफरी उमेश बोरा ने लंबी सीटी बजाकर स्पॉट किक की ओर इशारा किया। इसके बाद मौरिसियो ने करारा राइट फुटर शॉट लगाकर गोल कर दिया।
पांच मिनट के स्टॉपेज टाइम के दौरान 90+3वें मिनट में कोलम्बियाई स्ट्राइकर जॉर्डन विल्मार जिल ने पेनल्टी किक पर गोल करके नॉर्थईस्ट यूनाइटेड को कुछ सांत्वना पहुंचाते हुए स्कोर 1-3 कर दिया। हाईलैंडर्स को यह मौका 90+1वें मिनट में मिला, जब जॉर्डन को अपने बॉक्स के अंदर ओडिशा के डिफेंडर शुभम सारंगी ने गिराकर फाउल कर दिया और रेफरी उमेश बोरा ने लंबी सीटी बजाकर स्पॉट किक की ओर इशारा किया। इसके बाद जॉर्डन ने करारा राइट फुटर शॉट दाहिने पोस्ट की तरफ लगाकर गेंद को गोलजाल में उलझा दिया जबकि ओडिशा के गोलकीपर अमरिंदर सिंह गलत अनुमान के साथ दूसरी ओर डाइव लगा बैठे।
ये दोनों टीमों के बीच हीरो आईएसएल में 18वां मुकाबला था और आज ओडिशा एफसी ने आठवीं बार जीत हासिल की है, जबकि नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने पांच मैच जीते हैं और पांच मुकाबले ड्रा रहे हैं। आज के परिणाम के बाद इस सीजन में जगरनॉट्स ने हाईलैंडर्स के खिलाफ जीत का डबल पूरा किया। क्योंकि ओडिशा एफसी ने पहले चरण में भी हाईलैंडर्स को 2-1 से हराया था।












Click it and Unblock the Notifications