ISL 2022-23: सात गोल के मुकाबले में चेन्नयन एफसी ने नॉर्थईस्ट यूनाइटेड से अंतिम क्षणों में मारी बाजी

चेन्नई, 24 फरवरी: चेन्नइयन एफसी हीरो ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 में अपने अभियान का समापन सकारात्मक परिणाम के साथ अंत किया। मरीना मचान्स ने शुक्रवार को अपने घरेलू मैदान जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 4-3 से हरा दिया। चेन्नइयन एफसी की जीत में स्ट्राइकर रहीम अली (छठे मिनट में), घानाई स्ट्राइकर क्वामे करिकारी (56वें), कप्तान अनिरुद्ध थापा (62वें) और स्थानापन्न मिडफील्डर सजल बाग (90+4वें मिनट में) ने गोल दागे। कप्तान अनिरुद्ध थापा को तीसरा गोल करने और मिडफील्ड में जबर्दस्त प्रभाव छोड़ने के लिए हीरो ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इस सीजन में पहली बार जीत की हैट्रिक लगाने के बाद मुख्य कोच थॉमस बरदारिक के मरीना मचान्स ने आठवें स्थान पर रहकर अपना अभियान समाप्त किया। वे सातवें स्थान पर रही एफसी गोवा के अंकों की बराबरी करने में सफल रहे। चेन्नइयन एफसी के 20 मैचों में सात जीत, छह ड्रा और सात हार से 27 अंक हो गए हैं। वहीं, इस निराशाजनक परिणाम के बाद हेड कोच विन्सेन्जो एनीज के हाईलैंडर्स का अभियान हार के साथ सम्पन्न हुआ। वे सबसे अंतिम 11वें स्थान पर रहे। नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के 20 मैचों में एक जीत दो ड्रा और 17 हार से 5 अंक ही जुटा सकी।
मैच का पहला गोल छठे मिनट में आया, जब स्ट्राइकर रहीम अली ने चेन्नइयन एफसी को शुरुआती बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। अपने हाफ में गेंद हासिल करने के बाद जर्मन मिडफील्डर जूलियस डुकर ने गेंद को हाईलैंडर्स की डिफेंसिव लाइन के पीछे लॉब करके थ्रू-पास निकाला, ऑफ साइड ट्रैप को छकाने बाद रहीम तेजी से बॉक्स के अंदर गेंद तक पहुंचे। फिर उन्होंने दाहिने पैर से गेंद को फार पोस्ट की तरफ प्लेस कर दिया। गेंद गोलकीपर अरिंदम भट्टाचार्य के दाहिनी तरफ से निकलकर गोल लाइन पार कर गई।
51वें मिनट में कोलम्बियाई स्ट्राइकर विल्मार जोर्डन गिल ने गोल करके नॉर्थईस्ट यूनाइटेड को 1-1 की बराबरी दिला दी। अटैकिंग थर्ड से पार्थिव गोगई ने थ्रू-पास दिया और कप्तान विल्मार ने दूसरे टच पर दाहिने पैर से करारा ग्राउंडेड शॉट लगाकर गेंद को गोलकीपर सामिक मित्रा के दाहिनी तरफ से गोल लाइन के पार पहुंचा दिया।
56वें मिनट में घानाई स्ट्राइकर क्वामे करिकारी ने गोल करके चेन्नइयन एफसी को फिर से बढ़त दिलाते हुए स्कोर 2-1 कर दिया। एडविन वांसपॉल के शॉट को नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के गोलकीपर अरिंदम भट्टाचार्य ने अपने दाहिनी तरफ डाइव लगाकर ब्लॉक जरूर किया लेकिन रिबाउंड पर गेंद पहुंची करिकारी के पास। उन्होंने बाएं पैर से गेंद को गोल लाइन के पार पहुंचा कर अपना काम पूरा किया।
62वें मिनट में कप्तान अनिरुद्ध थापा ने बेहतरीन गोल करके चेन्नइयन एफसी की बढ़त को मजबूत करते हुए स्कोर 3-1 कर दिया। निन्थोइंगनबा मीटेल ने हाफ लाइन से ठीक पहले क्रॉस फील्ड थ्रू-पास दाहिने से बायीं ओर अटैकिंग थर्ड पर खिलाया, जहां मौजूद अनिरुद्ध ने पहले गेंद को चेस्ट डाउन करके नियंत्रित किया और फिर बॉक्स के अंदर घुसने के बाद करारा लेफ्टर शॉट लगाकर गेंद को गोलकीपर अरिंदम के ठीक ऊपर से नियर पोस्ट के टॉप कॉर्नर पर उलझा दिया।
74वें मिनट में विंगर पार्थिब गोगई ने शानदार गोल करके नॉर्थईस्ट यूनाइटेड को कुछ राहत पहुंचाते हुए स्कोर 2-3 कर दिया। गनी निगम से थ्रू-पास अटैकिंग थर्ड पर लेने के बाद पार्थिब गोगई ने लगभग 25 गज की दूरी से करारा राइट फुटर शॉट लगाकर गोल कर दिया जबकि गोलकीपर सामिक जम्प करने के बावजूद गेंद को गोल जाल में उलझने से नहीं रोक सके।
80वें मिनट में कोलम्बियाई स्ट्राइकर विल्मार जोर्डन गिल ने अपना दूसरा गोल करके नॉर्थईस्ट यूनाइटेड को 3-3 की बराबरी दिला दी। चेन्नइयन एफसी की डिफेंसिव गलती के कारण विल्मार को गेंद छह गज के खतरनाक एरिया में मिली और इस मौके का फायदा उठाते हुए उन्होंने दाहिने पैर से गेंद को गोल लाइन के पार भेज दिया।
चार मिनट में स्टॉपेज टाइम के दौरान 90+4वें मिनट में मिडफील्डर सजल बाग ने निर्णायक गोल दाग करके चेन्नइयन एफसी को 4-3 से जीत दिला दी। 82वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरे डच विंगर आब्देलनासेर एल खयाति हाफ लाइन के करीब से गेंद लेकर तेजी से बॉक्स के अंदर घुसे और हाईलैंडर्स की पूरी डिफेंस में खलबली मचाने के बाद उन्होंने बॉक्स के अंदर सजल के लिए एक आसान सा अवसर बनाया, जिसे इस स्थानापन्न मिडफील्डर ने पहले ही टच पर करारा राइट फुटर शॉट लगाकर गेंद को गोल लाइन के पार पहुंचा दिया।
यह दोनों टीमों के बीच हीरो आईएसएल में 18वां मुकाबला था और आज चेन्नइयन एफसी ने सातवीं बार जीत हासिल की जबकि नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने छह मैच जीते हैं और पांच ड्रा में समाप्त हुए हैं। आज के परिणाम के बाद इस सीजन में हाईलैंडर्स के खिलाफ मरीना मचान्स जीत का डबल पूरा करने में सफल रहे। क्योंकि पहले चरण में चेन्नइयन एफसी ने गुवाहाटी में मेजबान नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 7-3 से हराया था।












Click it and Unblock the Notifications