ISL 2022-23: प्लेऑफ की रास्ता तलाशने बेंगलुरु एफसी का मुकाबला एटीके मोहन बागान से

कोलकाता, 4 फरवरी: बेंगलुरू एफसी जब रविवार को विवेकानंद युबा भारती क्रीड़ांगन में हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 मुकाबले में एटीके मोहन बागान से भिड़ेगी, तो ब्लूज के पास प्लेऑफ में वापसी करने का मौका होगा। वहीं, मैरिनर्स अगर ब्लूज के खिलाफ अपने अपराजित रहने के सिलसिले को बरकरार रखते हैं, तो वे तीसरे स्थान पर आ जाएंगे।
अपने अंतिम पांच लीग मैचों में, एटीके मोहन बागान सकारात्मक परिणाम की उम्मीद कर रही होगी, जिससे उसको मार्च में खेले जाने वाले प्लेऑफ के लिए आवश्यक लय हासिल करने में मदद मिलेगी। मैरिनर्स ने पिछले छह हीरो आईएसएल मुकाबलों में दो जीते हैं, दो ड्रा खेले हैं और दो हारे हैं। पिछले हफ्ते, उन्होंने ओडिशा एफसी पर 2-0 की जीत पाने के दौरान अपने दो मैचों के गोल के सूखे को समाप्त कर दिया।
दिमित्री पेट्राटोस ने दोनों गोल किए और अपने सीजन के गोलों की संख्या को सात तक पहुंचा दिया। ऑस्ट्रेलियाई स्ट्राइकर के नाम पर छह असिस्ट भी हैं। पेट्राटोस इस सीजन के पहले चरण के मुकाबले में बेंगलुरू एफसी के खिलाफ एटीके मोहन बागान की 1-0 से जीत में गोल कर चुके हैं।
लिस्टन कोलाको और मनवीर सिंह के दोनों फ्लैंक्स से शुरुआत करने की उम्मीद है क्योंकि आशिक कुरुनियन निलम्बन के कारण अपने पूर्व क्लब के खिलाफ मैच में नहीं खेलेंगे। उन्हें पिछले हफ्ते ओडिशा एफसी के खिलाफ मैच के दूसरे हाफ के स्टॉपेज टाइम में रेड कार्ड मिलने के कारण बाहर किया गया था।
मैरिनर्स के मुख्य कोच जुआन फेरांडो ने कहा, "यह मैच बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि हम घर पर खेल रहे हैं। पिछले कुछ मैचों में बेंगलुरू एफसी के प्रदर्शन में सुधार आया है। मुझे पता है कि उनके लिए प्लेऑफ में जाना महत्वपूर्ण है लेकिन हम आश्वस्त हैं और हमारा लक्ष्य तीन अंक प्राप्त करना है।" उन्होंने कहा, "ओडिशा एफसी के खिलाफ मैच के बाद, हमें पता है कि हम अगले मैच में दो खिलाड़ियों के बिना उतरेंगे और पिछले चार दिनों में हमने उसी के अनुसार योजना बनाई।"
बेंगलुरू एफसी ने आखिरकार वो लय हासिल कर ली है जिसकी उसे पूरे सीजन में तलाश थी। ब्लूज ने अपने आखिरी चार हीरो आईएसएल मैच जीते हैं और इस सप्ताह की शुरुआत में ओडिशा एफसी और चेन्नइयन एफसी के जीत से वंचित होने का फायदा उठाने के लिए उत्सुक होंगे। उनके पास अब ओडिशा एफसी से दो अंक आगे जाने और चेन्नइयन एफसी की पहुंच से बाहर निकलने का मौका है।
शिव नारायणन ने पिछले कुछ हफ्तों में कुछ बेहतरीन प्रदर्शन करके शुरुआती एकादश में अपने स्थान को मजबूत किया है। 21 वर्षीय स्ट्राइकर ने अब तक चार मैचों में चार गोल किए हैं और एक में सहायता प्रदान की है। वह अपने साथी रॉय कृष्णा के साथ खतरनाक दिख रहे हैं। भारतीय मूल के फीजियन स्ट्राइकर कृष्णा ने पिछले तीन मैचों में दो गोल किए हैं और एक असिस्ट दिया है। (Club statistics)
ब्लूज के मुख्य कोच साइमन ग्रेसन ने कहा, "हम पिछले चार मैच जीतने के बाद आत्मविश्वास के साथ इस मुकाबले में उतर रहे हैं। मेरा मानना है कि रिकॉर्ड तो टूटने के लिए ही होते हैं, तो फिर क्यों न हम कोलकाता में पहली जीत हासिल करें? हम विपक्षी टीम का बहुत सम्मान करते हैं और वो लीग में अच्छी स्थिति में है।" उन्होंने कहा, "मुझे यकीन है कि जुआन और उनकी टीम इस बात से अच्छी तरह वाकिफ होगी कि हम कितना अच्छा खेल सकते हैं और हम कितने खतरनाक हैं।"
Recommended Video

दोनों टीमें हीरो आईएसएल में पांच बार मिल चुकी हैं। मैरिनर्स ने चार मौकों पर जीत हासिल की है और एक मैच ड्रा रहा है। ब्लूज ने एटीके मोहन बागान को कभी नहीं हराया है। पिछले दो मैचों में वे मैरिनर्स के खिलाफ गोल करने में नाकाम रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications