ISL 2022-23: ATK मोहन बागान ने पहली बार जीता खिताब, पेनल्टी शूटआउट में बेंगलुरु एफसी को 4-3 से हराया
एटीके मोहन बागान की टीम ने पहली बार इंडियन सुपर लीग का खिताब अपने नाम किया है। उन्होंने पेनाल्टी शूटआउट तक चले रोमांचक मुकाबले में बेंगलुरु एफसी को 4-3 से मात देकर खिताब जीत लिया।

गोवा, 18 मार्च:एटीके मोहन बागान ने हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 का खिताब जीत लिया है। मैरिनर्स ने शनिवार को गोवा के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पेनल्टी शूटआउट तक खिंचे रोमांचक फाइनल में पूर्व चैम्पियन बेंगलुरू एफसी को 4-3 (2-2) से हरा दिया। हेड कोच जुआन फेरांडो के मैरिनर्स ने दूसरी बार फाइनल खेलते हुए पहली बार हीरो आईएसएल खिताब अपने नाम किया। इस जीत से एटीके मोहन बागान ने हीरो आईएसएल ट्रॉफी उठाई और उन्हें 6 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि उप-विजेता बने हेड कोच साइमन ग्रेसन के ब्लूज को 2.5 करोड़ रुपये मिले।
पेनल्टी शूटआउट में गोलकीपर विशाल कैथ हीरो बन कर उभरे। उन्होंने ब्रुनो रामिरेज के राइट फुटर शॉट को अपने दाहिनी तरफ डाइव लगाकर रोका। बेंगलुरू एफसी के पाब्लो पेरेज अपनी पेनाल्टी किक पर राइट फुटर से गेंद को बाहर मार बैठे। एटीके मोहन बागान की ओर से दिमित्री पेट्राटोस, लिस्टन कोलाको, कियान नसिरी और मनवीर सिंह ने अपने मौके भुनाए। वहीं, बेंगलुरू एफसी के लिए एलेन कोस्टा, रॉय कृष्णा और सुनील छेत्री ने गोल दागे। मैरिनर्स के लिए निर्धारित समय में दोनों गोल और पेनल्टी शूटआउट में गोल करने के लिए ऑस्ट्रेलियाई स्ट्राइकर दिमित्री पेट्राटोस को हीरो ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इससे पहले मैच के निर्धारित समय की समाप्ति तक बेंगलुरू एफसी और एटीके मोहन बागान 2-2 की बराबरी पर रही। इस कारण खेल अतिरिक्त समय पर चला गया और उसमें कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं दाग सकी और फिर परिणाम तय करने के लिए मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में चला गया।
मैच का पहला गोल 14वें मिनट में आया, जब ऑस्ट्रेलियाई स्ट्राइकर दिमित्री पेट्राटोस ने पेनल्टी किक को गोल में तब्दील करते हुए एटीके मोहन बागान को 1-0 की बढ़त दिला दी। मैरिनर्स को यह सुनहरा अवसर 13वें मिनट में मिला, जब उनको मिली कॉर्नर किक के दौरान डिफेंसिव भूमिका निभा रहे रॉय कृष्णा हेडर के जरिये दिमित्री की फ्लोटिंग किक को क्लीयर करते हुए हैंड बॉल कर बैठे और रेफरी हरीश कुंडू ने लम्बी सीटी बजाकर पेनल्टी किक का इशारा कर दिया। इसके बाद दिमित्री ने करारा राइट फुटर लगाकर गेंद को बाएं पोस्ट की तरफ गोलजाल में उलझा दिया जबकि कप्तान व गोलकीपर गुरप्रीत संधू ने दाहिनी तरफ डाइव लगाने के बावजूद बचाव नहीं कर सके।
मध्यांतर से ठीक पहले हाफ के अंतिम क्षणों में 45+5वें मिनट में स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने पेनल्टी किक पर गोल करके बेंगलुरू एफसी को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। ब्लूज को यह सुनहरा अवसर तीन मिनट के स्टॉपेज टाइम के दौरान 45+3वें मिनट में मिला, जब डिफेंडर सुभाशीष बोस ने अपने पेनल्टी बॉक्स के अंदर रॉय कृष्णा को गिराकर फाउल कर दिया और रेफरी हरीश कुंडू ने लम्बी सीटी बजाकर पेनल्टी किक का इशारा कर दिया। चौथे मिनट में शिवशक्ति के चोटिल होने के कारण स्थानापन्न के रूप में उतरने सुनील छेत्री ने पेनल्टी पर राइट फुटर शॉट बाएं बॉटम कॉर्नर की तरफ लगाकर गोल कर दिया जबकि एटीके के गोलकीपर विशाल कैथ गलत अनुमान के साथ विपरीत दिशा की ओर डाइव लगा बैठे। यह उनका कुल 56वां और बेंगलुरू एफसी के लिए 49वां गोल है और हीरो आईएसएल टॉप स्कोरर सूची में दूसरे स्थान पर है।
78वें मिनट में भारतीय मूल के फीजियन स्ट्राइकर रॉय कृष्णा ने हेडर से गोल करके बेंगलुरू एफसी को बढ़त दिलाते हुए स्कोर 2-1 कर दिया। बाएं फ्लैंक से कॉर्नर किक पर रोशन सिंह नौरेम ने गेंद फर्स्ट पोस्ट तक पहुंचाई, जहां से ब्राजीली डिफेंडर ब्रूनो रामिरेज ने हेडर से सेकेंड बॉल बनाई और सेकेंड पोस्ट पर मौके के इंतजार में मौजूद रॉय कृष्णा ने हेडर से गेंद को गोलजाल में उलझा दिया जबकि एटीके मोहन बागान के गोलकीपर विशाल कैथ हाथ लहराने के बावजूद बचाव नहीं कर सके।
85वें मिनट में ऑस्ट्रेलियाई स्ट्राइकर दिमित्री पेट्राटोस ने मैच में दूसरी बार पेनल्टी किक को गोल में तब्दील करते हुए एटीके मोहन बागान को 2-2 की बराबरी दिला दी। मैरिनर्स को यह सुनहरा अवसर 83वें मिनट में मिला, जब स्थानापन्न स्पेनिश मिडफील्डर पाब्लो पेरेज ने अपने बॉक्स के अंदर स्थानापन्न फॉरवर्ड कियान नसिरी को पीचे से गिराकर फाउल कर दिया और और रेफरी हरीश कुंडू ने लम्बी सीटी बजाकर पेनल्टी किक का इशारा कर दिया। इस बार भी दिमित्री ने करारा राइट फुटर लगाकर गेंद को बाएं पोस्ट की तरफ गोलजाल में उलझा दिया जबकि गोलकीपर गुरप्रीत संधू ने दाहिनी तरफ डाइव लगाने के बावजूद बचाव नहीं कर सके। यह दिमित्री का इस सीजन में 12वां गोल है और वह टॉप स्कोरर सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications