ISL 2022-23: हैदराबाद एफसी और ईस्ट बंगाल एफसी का मुकाबला, लीग शील्ड और प्लेऑफ प्लेऑफ है दांव पर

Indian Super League,

कोलकाता, 19 जनवरी:ईस्ट बंगाल एफसी जब शुक्रवार को कोलकाता स्थित अपने घरेलू मैदान विवेकानंद युबा भारती क्रीड़ांगन में खेले जाने वाले हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 मैच में हैदराबाद एफसी की मेजबानी करेगी, तब काफी कुछ दांव पर लगा होगा। टॉर्च बियरर्स को प्लेऑफ स्थान तक पहुंचने के लिए काफी आगे जाना है क्योंकि वे छठे स्थान पर मौजूद एफसी गोवा से आठ अंक पीछे हैं। उनके विपरीत छोर पर मौजूद हैदराबाद एफसी लीग शील्ड की मुख्य दावेदारों में से एक है और वो जीत से लीग लीडर मुम्बई सिटी एफसी से चार अंकों की अपनी दूरी को कम करना चाहेगी।

हालांकि, ईस्ट बंगाल एफसी और अंतिम प्लेऑफ स्थान के बीच का अंतर और कम होता, लेकिन टॉर्च बियरर्स ने पिछले हफ्ते बढ़त बनाने के बाद मैच गंवा दिया। यह कुछ ऐसी गलती है, जिसे ईस्ट बंगाल एफसी पूरे सीजन में करती आ रही है। जमशेदपुर एफसी के खिलाफ अपने पिछले मुकाबले में, मेजबान टीम ने बढ़त बना ली थी लेकिन रेड माइनर्स ने दूसरे हाफ में दो गोल करके सीजन की अपनी पहली अवे जीत हासिल की।

लीग में छठा सर्वश्रेष्ठ अवे रिकॉर्ड होने के बावजूद ईस्ट बंगाल एफसी अपने घर में ऐसा प्रदर्शन दोहराने में कामयाब नहीं रही है। पिछले हफ्ते की हार उनकी सीजन की पांचवीं घरेलू हार थी।

क्लिटन सिल्वा ने पिछले छह मैचों में छह गोल किए हैं और वह 13 मैचों में नौ गोल के साथ इस सीजन के टॉप स्कोरर सूची में सबसे ऊपर हैं। प्लेऑफ में अपनी संभावना को जिंदा रखने के लिए ब्राजीली स्ट्राइकर को हीरो आईएसएल में हैदराबाद एफसी पर अपनी पहली जीत में टीम का मार्गदर्शन करने का काम सौंपा जाएगा।

टॉर्च बियरर्स के मुख्य कोच स्टीफन कॉन्स्टेंटाइन ने कहा, "हमारे पास सात मैच बाकी हैं। हमारे कई मुकाबले बेहद नजदीकी रहे हैं। हमें खेलना और लड़ना जारी रखना होगा। सीजन की शुरुआत में, मैंने कहा था कि यह एक पुनर्निर्माण परियोजना है। आप इस तरह की परियोजना के दौरान अपराजित रहने के सिलसिले की उम्मीद नहीं कर सकते हैं।" उन्होंने कहा, "ये बहाने नहीं हैं। ये तथ्य हैं। पिछले दो सीजन में एक या दो मैच जीतने वाली टीम से आप बिना किसी बदलाव के तीसरे सीजन में 15 मैच जीतने की उम्मीद नहीं कर सकते।"

पिछले हफ्ते चेन्नइयन एफसी के खिलाफ ड्रा खेलकर महत्वपूर्ण अंक गंवाने के बाद, हैदराबाद एफसी ने खुद को मुम्बई सिटी एफसी से चार अंक पीछे पाया। हालांकि अभी छह मैच बाकी हैं। हैदराबाद एफसी की एक और लड़खड़ाहट हीरो आईएसएल शील्ड की दौड़ में आइलैंडर्स की बढ़त को बेहद मजबूती देगा।

अपने पिछले मैच में जीत का सिलसिला खत्म होने के बावजूद हैदराबाद एफसी अभी लगातार छह मैचों में अपराजित चल रही हैं। इस क्रम के दौरान, मौजूदा चैम्पियनों ने अपने अगले प्रतिद्वंद्वी को दिसंबर में खेले गए पहले चरण के मुकाबले में 2-0 से हराया था।

बार्थोलोम्यू ओग्बेचे स्कोरिंग फॉर्म में लौट आए हैं और वह पिछले दो मैचों में चार गोल कर चुके हैं। हैदराबाद एफसी ओग्बेचे के लिए दोनों फ्लैंक्स से अवसर बनने की उम्मीद कर रही होगी क्योंकि हलिचरण नार्जरी पिछले मैच से बाहर के बाद शुरुआती एकादश में वापसी कर सकते हैं।

हैदराबाद एफसी के हेड कोच मैनोलो मार्कुएज ने कहा, "हम अपनी सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल नहीं खेल रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद हम को हराना मुश्किल है। हम अब तक संगठित रहे हैं। यह एक कठिन मुकाबला होगा क्योंकि उनके पास अच्छे खिलाड़ी हैं, जिनमें लीग के शीर्ष स्कोरर क्लिटन सिल्वा भी शामिल हैं।" उन्होंने कहा, "अब हम निर्णायक चरण में प्रवेश कर रहे हैं। हम जानते हैं कि हम प्लेऑफ में पहुंचेंगे। शील्ड को जीतने के लिए हमें महत्वाकांक्षी होना होगा। हमारे बाकी बचे छह मैचों में से चार एटीके, केरला, ओडिशा और मुम्बई के खिलाफ हैं।"

इन दोनों टीमों ने हीरो आईएसएल में पांच बार एक-दूसरे का सामना किया है। हैदराबाद एफसी ने तीन बार जीत हासिल की है, जबकि दो मैच ड्रा में समाप्त हुए हैं। मौजूदा चैम्पियनों ने सीजन में कभी भी टॉर्च बियरर्स पर जीत का डबल पूरा नहीं किया।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+