King’s Cup 2023: भारत के सामने होगी इराक की कड़ी चुनौती, जानें कब-कहां देखें सेमीफाइनल मुकाबला
India vs Iraq, King's Cup 2023: किंग्स कप फुटबॉल टूर्नामेंट में आज रोमांचक मुकाबला होने जा रहा है। ये भिड़त कप्तान सुनील छेत्री की गैरमौजूदगी में हो रही है। भारत दो महीने के बाद गुरुवार को टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जब अपने से बेहतर रैंकिंग वाले इराक से भिड़ेगा तो उसे अपने करिश्माई छेत्री की कमी खलेगी।
सुनील छेत्री के बिना मैदान पर उतरेगी टीम इंडिया
दरअसल, इंटरकॉन्टिनेंटल कप और सैफ चैंपियनशिप में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले छेत्री ने अपने बेटे के जन्म के बाद पत्नी के साथ समय बिताने के लिए ब्रेक लिया है। इगोर स्टिमैक की कोचिंग वाली टीम खिताब की हैट्रिक जीतकर एक्शन में लौट आई है।

फीफा रैंकिंग में भारत से 29 स्थान बेहतर इराक ने हाल में अरेबियन गल्फ कप का खिताब जीता और वह चार देशों के टूर्नामेंट में खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा। दो राउंड रोबिन मैचों के विजेता फाइनल में खेलेंगे। एक अन्य मैच में गुरुवार को ही थाईलैंड की टीम लेबनान से भिड़ेगी। रविवार को होने वाले फाइनल से पहले दो हारने वाली टीमों के बीच कांस्य पदक का मुकाबला खेला जाएगा।
भारतीय टीम अब तक छह मैच (चार हार और दो ड्रॉ) में इराक को नहीं हरा पाई है, जिससे स्टिमक के मार्गदर्शन में खेलने वाली टीम के सामने की कड़ी चुनौती का पता चलता है। भारतीय टीम पहली बार 1977 में किंग्स कप में खेली थी, जहां टीम ने दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और इंडोनेशिया जैसी मजबूत टीमों को हराकर कांस्य पदक जीता था।
कब और कहां खेला जाएगा भारत और इराक के बीच मैच?
किंग्स कप 2023 में भारत और इराक के बीच मैच गुरुवार, 7 सितंबर को थाईलैंड के चियांग माई के 700वीं वर्षगांठ स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 4:00 बजे से शुरू होगा।
भारत बनाम इराक किंग्स कप सेमीफ़ाइनल कहां देख सकते हैं?
थाईलैंड में 2023 किंग्स कप में भारत और इराक के बीच मैच का यूरोस्पोर्ट पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। मैच की लाइव स्ट्रीमिंग FIFA+ TV पर उपलब्ध होगी।
भारतीय टीम इस प्रकार है
- गोलकीपर: गुरप्रीत सिंह संधू, गुमीत सिंह
- डिफेंडर: आशीष राय, निखिल पुजारी, संदेश झिंगन, अनवर अली, मेहताब सिंह, लालचुंगनुंगा, आकाश मिश्रा
- मिडफील्डर: जैकसन सिंह थोनाओजम, सुरेश सिंह वांगजाम, ब्रेंडन फर्नांडिस, सहल अब्दुल समद, अनिरुद्ध थापा, रोहित कुमार, आशिक कुरुनियन, नाओरेम महेश सिंह, लालियानजुआला चांगटे
- फारवर्ड: मनवीर सिंह, रहीम अली, राहुल केपी












Click it and Unblock the Notifications